एनसीआर समेत उत्तर पश्चिम भारत में शुक्रवार को पश्चिम विक्षोभ से मौसम बिगड़ा। दोपहर बाद बारिश हुई, कुछ जगह ओले भी पड़े। मौसम वैज्ञानिकों ने एनसीआर समेत पूरे उत्तर पश्चिम भारत में 14 मार्च तक रुक-रुककर बारिश तो 13 मार्च तक कई जगह तेज हवा और ओले की भविष्यवाणी की है। इससे अगले तीन दिन के दौरान अधिकतम तापमान 3-4 डिग्री तक गिरेगा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दो दिन मौसम सुधरने के बाद फिर 16 मार्च की शाम को पश्चिमी विक्षोभ का असर पहाड़ों पर शुरू होगा। 17 मार्च को मैदानी इलाकों के मौसम पर इसका प्रभाव पड़ेगा।
हालांकि इसका असर उत्तर पश्चिम भारत के मौसम पर कम पड़ेगा। मौसम विभाग के विशेष बुलेटिन के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और 11 मार्च को मध्य पाकिस्तान के आसपास हवा के चक्रवाती सिस्टम के संयुक्त प्रभाव से पूरे पश्चिमी हिमाचल क्षेत्र में 14 मार्च तक बारिश-बर्फ गिरने की संभावना है।
शुक्रवार को तापमान में अचानक 8-10 डिग्री तक गिरावट देखने को मिली
दिल्ली में बारिश
इस सिस्टम के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में 11-13 मार्च, उत्तराखंड में 12-13 मार्च, पंजाब-हरियाणा में 12 मार्च को कुछ जगह भारी बारिश होगी। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर व हिमाचल प्रदेश में 11-12 मार्च व उत्तराखंड में 12-13 मार्च को कुछ जगह ओले भी गिरेंगे।
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिम यूपी में 11-13 मार्च के बीच गरज-तेज हवा और बारिश के साथ कुछ जगह ओले भी गिरेंगे। वहीं पूर्वी यूपी में 12-13 मार्च को बारिश के साथ ओले पड़ने की भविष्यवाणी की गई है। एनसीआर में 11 मार्च की रात से 13 मार्च की रात तक बारिश की संभावना अधिक है।
शुक्रवार को बारिश और कुछ जगह ओले गिरने के बाद एनसीआर में शाम के तापमान में अचानक 8-10 डिग्री तक गिरावट देखने को मिली। जहांगीरपुरी, नई दिल्ली में भी ओले गिरे। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री ऊपर 33.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री ऊपर 19 डिग्री दर्ज किया गया। हवा में नमी की मात्रा 39-90 फीसदी के बीच रही।