मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली मेट्रो दिल्ली की शान है। यह दुनिया के लिए मिसाल कायम कर रही है। आराम, वातानुकूलित ट्रेन और समय पर गंतव्य पर पहुंचना हो तो मेट्रो से बेहतर कुछ नहीं है।
इसके लिए डीएमआरसी की पूरी टीम को हम बधाई देते है। उन्होंने आगे कहा कि हरदीप सिंह पुरी कुछ कहे उससे पहले उनका जवाब मैं देना चाहता हूं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार दिल्ली मेट्रो की योजनओं को पूरा करने के लिए पूरी तरह समर्पित है। उसकी मंशा पर कोई संशय नहीं होना चाहिए। दरअसल फेज चार को लेकर बीते दिनों आए बयान पर उन्होंने यह सफाई दी थी।
केजरीवाल ने कहा कि डीएमआरसी की दो प्रस्ताव दिल्ली सरकार के पास है। पहला रोलिंग स्टॉक (582 मेट्रो कोच जो कि फेज तीन के लिए आना है) का है। दूसरा मेट्रो फेज चार की फाइल।
उन्होंने कहा कि रोलिंग स्टॉक को जल्द ही हम मंजूरी देकर केंद्र के पास भेज देंगे। रही बात मेट्रो फेज चार की तो उसमें कुछ लाइनों को लेकर हमने अध्ययन कराया तो जो आकलन सामने आया है उससे लगता है कि उसपर हमें यात्री नहीं मिलेंगे।
इसलिए हमारी कुछ आपत्ति है। मगर जो लाइनें उपयुक्त है उसे जल्द मंजूरी देंगे। मेट्रो फेज चार का काम ना रूके इसलिए उसे दो चरणों में बांट लेते है। पुरी साहब ने लंच पर बुलाने को कहा है तो उसपर यह विवाद खत्म कर लेंगे।
वहीं हरदीप सिंह पुरी ने भी दिल्ली मेट्रो को देश की शान बताते हुए कहा कि हमें मिलकर सभी समस्याओं को सुलझाना होगा। उन्होंने कहा कि जो आकलन आपका है उसे लेकर हम अपने अधिकारियों के साथ बैठकर आकलन कर लेते है।
उसके बाद हम मेट्रो फेज चार को आगे बढ़ाते है। उन्होंने कहा कि अगले एक दो दिन में मैं आपको लंच पर बुलाता हूं सभी मुद्दों पर बात करेंगे। उन्होंने इस मौके पर केजरीवाल से अपील करहा हूं की वह लंच पर आए तो आरआरटीएस (रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम) की मंजूरी की फाइल भी लेकर आएं।
दिल्ली मेट्रो की सबसे बड़ी पिंक लाइन का एक सेक्शन मजलिस पार्क से साउथ कैंपस बुधवार शाम छह बजे आम लोगों के लिए खुल गया। 21.56 किलोमीटर के इस सेक्शन पर कुल 12 स्टेशन है।
इस सेक्शन के खुलने के साथ अब दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क 250 किलोमीटर तक पहुंच गया है। इस सेक्शन के खुलने से कुल चार नए इंटरचेंज बने है जिसमें तीन इंटरचेंज पहले दिन चालू हो गए है।
इसमें आजादपुर (यलो लाइन), नेताजी सुभाष प्लेस (रेड लाइन) और राजौरी गार्डन है। चौथा इंटरचेंज एयरपोर्ट लाइन को जोडने के लिए काम चल रहा है। यह जून 2018 तक चालू हो जाएगा।
रविवार को फिलहाल इस लाइन पर सुबह आठ बजे से मेट्रो सेवा शुरू होगी। बाकी दिनों सामान्य सेवा होगी। अभी इसका इसपर पीक आवर्स में 3.28 सेकेंड की तो ऑफ पीक आवर्स में 5 मिनट से अधिक की फ्रीक्वेंसी होगी।