भोंडसी स्थित रायन इंटरनेशनल स्कूल में 8 सितंबर को हुए दूसरी कक्षा के छात्र प्रद्युम्न हत्याकांड के बाद सीबीआई ने 11वीं कक्षा के छात्र को गिरफ्तार किया है। इस मामले में सीबीआई के सामने दो छात्रों की बात और सामने आई है।
सीबीआई सूत्रों की मानें तो आरोपी छात्र ने वारदात को अंजाम देने के बाद घटना की पूरी जानकारी अपने दो दोस्तों को बताई थी। छात्र ने सीबीआई को उन दो दोस्तों के नाम भी बताए हैं। आरोपी छात्र से रिमांड के दौरान जिन छात्रों के नाम सीबीआई के सामने आए हैं। अब सीबीआई उनसे पूछताछ करेगी।
इस पूछताछ में छात्र द्वारा वारदात के बारे में बताई गई जानकारी को आरोपी छात्र के बयान से मिलान किया जाएगा। इसके बाद उनके बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष करवाए जाएंगे। बृहस्पतिवार को सीबीआई के दो अधिकारी रायन इंटरनेशनल स्कूल पहुंचे। यहां उन्होंने उन दो छात्रों से पूछताछ करने के लिए प्रिंसीपल को नोटिस भी दिया।