फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्मृति: दिल्ली न छोड़नी पड़े इसलिए प्रो. मल्होत्रा ने राज्यपाल पद ठुकराया, राजनीति और संगठन को दिए कई दिग्गज

Wed, 01 Oct 2025 06:33 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली

सार

दिल्ली भाजपा के दिग्गज नेता और संगठन के संस्थापक सदस्यों में शुमार प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा की छत्रछाया में राजनीति की सीढ़ियां चढ़कर अनेक नेता प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे।
विज्ञापन
विजय कुमार मल्होत्रा - फोटो : X/@BJP4Delhi
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भाजपा के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व मुख्य कार्यकारी पार्षद प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा के 93 वर्ष की आयु में निधन से भाजपा परिवार शोक में डूब गई है। उनका मंगलवार की सुबह छह बजे एम्स में निधन हो गया। उन्हें दिल्ली से इस कदर लगाव या यूं कहें कि प्यार था कि वर्ष 2014 में केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद राज्यपाल बनने से इंकार कर दिया था। प्रो. मल्होेत्रा के निधन के बारे में जानकारी मिलते ही उनके निवास पर श्रद्धाजंलि देने के लिए भाजपा नेताओं का तांता लग गया। 

विज्ञापन


राष्ट्रपति द्रौपद्री मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एवं पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद उनके निवास पर पहुंचे और परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। सभी ने मृतक के जीवन में योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। 

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, संगठन महामंत्री बीएल संतोष, उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा, महामंत्री विनोद तावड़े एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी परिजनों से मिले और श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा व प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने प्रो. मल्होत्रा के निवास पर जाकर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी, शाहनवाज हुसैन, दिल्ली भाजपा के संगठन महामंत्री पवन राणा, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर सहित अन्य पदाधिकारी भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एवं मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह, श्री आशीष सूद ने भी प्रो. मल्होत्रा के निधन पर भारी मन से श्रद्धासुमन अर्पित किया। पूर्व प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन, विजय गोयल, सतीश उपाध्याय, मनोज तिवारी भी पहुंचे। 
विज्ञापन


प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा की छत्रछाया में तैयार हुए कई दिग्गज
दिल्ली भाजपा के दिग्गज नेता और संगठन के संस्थापक सदस्यों में शुमार प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा की छत्रछाया में राजनीति की सीढ़ियां चढ़कर अनेक नेता प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे। इन नेताओं में सबसे अहम नाम मौजूदा दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा का है। सचदेवा ने अपना राजनीतिक जीवन प्रो. मल्होत्रा की देखरेख में ही शुरू किया था। प्रदेश भाजपा की कमान संभालने वाले सचदेवा को मल्होत्रा की राजनीतिक पाठशाला का सफल विद्यार्थी माना जाता है। असम के राज्यपाल रहे प्रो. जगदीश मुखी भी प्रो. मल्होत्रा की ही देन हैं। मुखी दिल्ली सरकार में वित्त मंत्री रहे, लोकसभा चुनाव लड़ा और दस साल तक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी निभाई। करोल बाग के प्रभावशाली नेता रहे सुरेंद्र पाल रातावाल भी मल्होत्रा के शिष्य माने जाते हैं। एमसीडी के दिग्गज नेता रहे सुभाष आर्य को राजनीति में लाने और आगे बढ़ाने का श्रेय भी मल्होत्रा को जाता है।  प्रो. मल्होत्रा के राजनीतिक जीवन ने न केवल दिल्ली भाजपा को मजबूती दी बल्कि संगठन को ऐसे नेता भी दिए जिन्होंने का परचम बुलंद किया आैर कर रहे हैं। 

दिल्ली सरकार ने जताया शोक
दिल्ली सरकार ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा के निधन पर एक दिन (बुधवार) को राजकीय शोक की घोषणा की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रो. मल्होत्रा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका निधन अत्यंत पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने अपने सभी सरकारी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की ओर उनका अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने उनके निवास पर जाकर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के सांसद व विधायक भी रहे मल्होत्रा भारतीय जनसंघ और भाजपा की प्रथम पंक्ति के योद्धा थे।  

भारतीय तीरंदाजी के भीष्म पितामह थे वीके मल्होत्रा
मंझे हुए राजनीतिज्ञ होने के साथ भाजपा के अनुभवी नेता विजय कुमार मल्होत्रा काबिल खेल प्रशासक भी थे और उन्हें तीरंदाजी को देश के शीर्ष खेलों में शामिल कराने के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। मल्होत्रा का मंगलवार को 93 वर्ष की उम्र में बढ़ती उम्र से जुड़ी बीमारियों के कारण निधन हो गया।  वह 26 अप्रैल 2011 से पांच दिसंबर 2012 तक भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के कार्यवाहक अध्यक्ष रहे। मल्होत्रा आईओए के आजीवन अध्यक्ष बने। 

मल्होत्रा 1972 म्यूनिख ओलंपिक में 
भारतीय दल के साथ गए थे, जहां तीरंदाजी ओलंपिक खेल बना। एक साल बाद 1973 में उन्होंने भारतीय तीरंदाजी संघ (एएआई) गठित किया। वह 40 साल से अधिक समय (1973 से 2015) तक एएआई के अध्यक्ष रहे। बाद में एशियाई तीरंदाजी महासंघ और राष्ट्रमंडल तीरंदाजी महासंघ के भी अध्यक्ष चुने गए। एजेंसी

अंतिम संस्कार आज
प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्य कार्यकारी पार्षद प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा के बुधवार को अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार होगा। प्रदेश भाजपा कार्यालय में उनके पार्थिव शरीर को सुबह 12 बजे से दोपहर दो बजे तक अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और आम नागरिक उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे। अंतिम संस्कार दोपहर तीन बजे लोधी रोड श्मशान घाट पर होगा। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें