आत्महत्या की खबर के बाद स्कूल पहुंचे लोग
- फोटो : अमर उजाला
रबूपुरा क्षेत्र के बंद पड़े स्कूल में शनिवार दोपहर दूसरे स्कूल के 12वीं के छात्र और 11वीं की छात्रा के शव फंदे से लटके मिले। छात्र-छात्रा दोनों नाबालिग थे और अलग-अलग जाति से ताल्लुक रखते थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों के प्रेम प्रसंग की भनक लगने पर परिजनों ने छात्र का रिश्ता तय कर दिया था और उसकी दस फरवरी को शादी होनी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
रबूपुरा के एक गांव स्थित ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में इन दिनों सर्दियों के अवकाश हैं। दोपहर लगभग दो बजे एक महिला ने बंद स्कूल के पास बाइक और स्कूल बैग देखकर संचालक को सूचना दी। संचालक ने स्कूल खोलकर देखा तो दरवाजे की ग्रिल पर दो शव लटके मिले। छात्रा स्कूल ड्रेस में थी, जबकि लड़का सादे कपड़ों में था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की। कुछ ही देर में आसपास के ग्रामीण भी आ गए। दोनों शवों की पहचान पास के ही अलग-अलग गांव के नाबालिगों के रूप में हुई। लड़का 12वीं में एक अन्य स्कूल और लड़की 11वीं कक्षा में एक अन्य स्कूल में पढ़ते थे। पुलिस के मुताबिक, लड़की सुबह घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। पुलिस का अनुमान है कि गांव से बाहर आकर छात्र किशोरी को बाइक पर बैठाकर ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल तक लेकर गया। इसके बाद दोनों दीवार फांदकर स्कूल के भीतर दाखिल हुए और वहां फांसी लगा ली।
नाबालिग छात्र-छात्रा के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। छात्र की जेब से मोबाइल मिला है। उसकी पड़ताल की जा रही है। प्राथमिक पड़ताल में पता चला है कि छात्र-छात्रा के बीच प्रेम प्रसंग था। परिजनों ने छात्र की शादी पक्की कर दी थी। इसके चलते दोनों ने खुदकुशी कर जान गंवा दी।
- निशांक शर्मा, सीओ ग्रेटर नोएडा प्रथम