गांव में ज्यादा उत्साह नजर आया। सबसे ज्यादा किठौर क्षेत्र में करीब 70 प्रतिशत और कैंट में 60% वोटिंग हुई। ध्रुवीकरण साफ था। मुस्लिम-दलित एकजुट नजर आए। कांग्रेस कुछ जगह भाजपा व गठबंधन के वोट काटती नजर आई। सरधना पालिका चेयरमैन निजाम अंसारी की पत्नी और पौत्र का नाम लिस्ट से कटा मिला। वहीं, इमलियान में धार्मिक स्थल से मतदान के एलान पर हंगामा हुआ। आरोप है कि शाहपीर चौकी इंचार्ज ने अभद्रता की, जिस पर भी हंगामा हुआ। पुलिस को लाठियां फटकार लोगों को दौड़ा लिया।
गौतमबुद्ध नगर: 2.31% बढ़ा मतदान
गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर बृहस्पतिवार को 62.7 प्रतिशत मतदान हुआ, जो इस लोकसभा सीट पर अभी तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है। पिछले लोकसभा चुनाव में गौतमबुद्ध नगर सीट पर 60.39 प्रतिशत मतदान हुआ था। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। हालांकि, सुबह बिलासपुर, रबूपुरा, दादरी व ग्रेटर नोएडा के कुछ बूथों पर ईवीएम मशीनों में तकनीकी खराबी आने के कारण देरी से मतदान शुरू हुआ। युवाओं में जोश दिखा, सुबह के वक्त बूथों पर कतारें लगी रहीं।
गाजियाबाद: युवाओं में दिखा उत्साह
गाजियाबाद लोकसभा सीट पर धौलाना आंशिक समेत जिले के पांच विस क्षेत्रों में मतदान के प्रति युवाओं से लेकर हर वर्ग के लोगों में उत्साह रहा। सुबह कुछ केंद्रों पर ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतें मिलीं। लोनी के एक बूथ पर मतदान से रोकने पर स्थानीय लोगों ने हंगामा किया। आरोप लगाया कि विधायक समर्थक उन्हें मतदान करने से रोक रहे हैं। हालांकि मामले को सुलझा लिया गया। साहिबाबाद में सबसे कम और मुरादनगर में सबसे अधिक मतदान हुआ। सोसायटी से जुड़े बूथों पर मतदान के प्रति खासा उत्साह रहा।
बागपत: पक्षपात पर अधिकारी को हटाया
कड़ी धूप के बावजूद मतदाताओं ने उत्साह दिखाया। पर ईवीएम की खराबी परेशानी का कारण बनी रही। कई जगह देरी से मतदान शुरू हुआ। जैन इंटर कॉलेज बूथ के वोटरों ने बागपत कोतवाली में हंगामा किया। बालैनी के मवी में पीठासीन अधिकारी पर भाजपा के पक्ष में वोट कराने का आरोप लगा, तो डीएम ने उन्हें हटा दिया। रमाला सर्किल में चेकिंग पर निकले सीओ अनुज चौधरी और ड्यूटी से गैरहाजिर सिपाही के बीच झड़प हुई। सिपाही ने सीओ पर पिस्टल तानने का आरोप लगाया।
सहारनपुर: फर्जी मतदान पर विवाद
सहारनपुर में ईवीएम शुरू होने में देरी के कारण मतदान की रफ्तार धीमी रही। बाद में मतदान ने रफ्तार पकड़ी। इस बार 2014 के लोकसभा चुनाव की अपेक्षा मतदान प्रतिशत कम है, क्योंकि 2014 में सहारनपुर जनपद का मतदान 74.24 प्रतिशत रहा था। मतदान के दौरान मतदाता पर्ची न मिलने, मतदाता सूची से नाम कटने के अलावा फर्जी मतदान की कोशिश को लेकर भी कई जगह विवाद हुए। जातीय व सांप्रदायिक धुव्रीकरण की दृष्टि से यह सबसे खास क्षेत्र है, जिस पर पूरे देश की नजरें लगी हुई थीं।
ईवीएम में खराबी, मारपीट और आचार संहिता उल्लंघन के कई मामले सामने आए। भीमताल के रीठा, ल्वेशाल, सौन गांव और भौर्सा, हल्द्वानी में राजकीय कन्या माध्यमिक गांधीनगर, छड़ायल सुयाल प्राइमरी स्कूल, किच्छा के नजीमाबाद, नैनीताल में मोटाहल्दू के जयपुर बीसा बूथ में ईवीएम खराब होने से मतदान प्रभावित रहा। जसपुर (ऊधमसिंह नगर) में एक शराबी ने पं. पूर्णानंद तिवारी इंटर कॉलेज में पोलिंग बूथ पर वोट डालते समय वीवीपैट मशीन के पीछे लगे स्विच को घुमाकर मशीन लॉक कर दी। इससे हड़कंप मच गया। वहीं, गदरपुर (ऊधमसिंह नगर) के लंगड़ाभोज बूथ पर भाजपा व कांग्रेस समर्थक भिड़ गए। मारपीट में भाजपा समर्थक लक्ष्मण सिंह और उसके भतीजे संदीप सिंह सहित तीन लोग घायल हो गए।
पौड़ी: वीवीपैट में खराबी से आई दिक्कत
गढ़वाल में वीवीपैट और ईवीएम मशीनों की खराबी के चलते मतदान देरी से शुरू हुआ। कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में 15 वीवीपैट मशीनों में खराबी आने के कारण मतदाता घंटों परेशान रहे। कुछ मशीनें तो जल्द बदल दी गईं, लेकिन कई केंद्रों पर मशीन आने का लोगों को घंटों लाइन में लगकर इंतजार करना पड़ा।
हरिद्वार: शाम 5 बजे के बाद भी लंबी कतार
शाम पांच बजे बाद भी बूथों पर मतदाताओं की लाइन लगी थी। ज्वालापुर, झबरेड़ा, भगवानपुर व लक्सर में कुछ केंद्रों पर भाजपा ने मतदाताओं को वोटर स्लिप के साथ प्रत्याशी की फोटो और चुनाव चिह्न वाली पर्ची थमाई। कांग्रेस व बसपा ने हंगामा किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने पर्चियां जब्त कर लीं और केस दर्ज करा दिया। भाजपा के जिला महामंत्री विकास तिवारी ने ईवीएम में मत डालते हुए फोटो फेसबुक पर डाली। उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
अल्मोड़ा : 5 फीसदी गिरा मतदान का आंकड़ा
इस बार पिछले चुनाव के मुकाबले कम वोटिंग हुई। छिटपुट घटनाओं के साथ शाम पांच बजे तक 48.78% वोटिंग हुई, जबकि 2014 में इस सीट के लिए 53.22% वोटिंग हुई थी। मतदान के दौरान कई बूथों पर ईवीएम में खराबी आ गई। डीडीहाट में उसैल, चौखुटिया के जेठुआ में ईवीएम खराब होने से मतदान बाधित हुआ। सल्ट ब्लॉक के नैलवाल पाली बूथ में मतदान को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया। इस कारण आधा घंटे तक मतदान कार्य रुका रहा।
टिहरी: शांतिपूर्ण मतदान, लंबी कतारें
मतदान के पहले एक घंटे में वोटरों की तादाद कम रही। दिन चढ़ते ही उत्साह नजर आने लगा। बूथों पर लंबी कतारें दिखाई देने लगीं। टिहरी के सभी मतदान स्थलों पर किसी प्रकार की कोई घटनाएं नहीं हुई। दोपहर एक बजे तक 14 विधानसभा क्षेत्रों में 40.60% मतदान हो चुका था। कई पोलिंग बूथों से ईवीएम व वीवीपैट में तकनीकी खराब आने की शिकायतें मिली हैं। आयोग ने रिजर्व में रखी ईवीएम व वीवीपैट भेजकर मतदान प्रक्रिया पूरी कराई।
आतंकवाद प्रभावित बारामुला संसदीय सीट पर छिटपुट घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हुआ। बांदीपोरा जिले के सुंबल इलाके के इंद्रकोट बूथ पर नेकां तथा पीपुल्स कांफ्रेंस कार्यकर्ता भिड़ गए। हाजिन में बूथ पर पथराव के बाद सुरक्षा बलों को हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
हाजिन में बहुत कम मतदाता घरों से बाहर निकले। बारामुला सीट पर कुपवाड़ा जिले में सबसे अधिक मतदान हुआ। नेकां तथा पीडीपी का आरोप है कि सुरक्षा बलों ने लोगों को भाजपा के बटन पर वोट डालने के लिए दबाव डाला। शाम पांच बजे तक बारामुला सीट पर 35.01 फीसदी मतदान हुआ था।
जम्मू में ईवीएम में खराबी, कांग्रेस का बटन काम न करने का आरोप
जम्मू-पुंछ संसदीय सीट पर कुछ जगहों पर ईवीएम खराब होने से मतदान देरी से शुरू हुआ। राजोरी जिले के थन्नामंडी में ड्यूटी पर तैनात एक आंगनबाड़ी वर्कर को थप्पड़ मारने पर मुकदमा दर्ज हुआ।
यहां कुछ देर के लिए मतदान रुका रहा। जम्मू सीट के लिए सांबा में भारी उत्साह दिखा। पुंछ में कुछ स्थानों पर ईवीएम में कांग्रेस के बटन काम नहीं करने का आरोप लगाया गया। इस वजह से मतदान कुछ देर रुका रहा। तीन बजे तक इस सीट पर लगभग 56 फीसदी मत पड़े थे।