पर्यटकों को अब चिड़ियाघर का माहौल और भी हराभरा दिखाई देगा। राजधानी के पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न श्रेणी के 50 हजार पौधे लगाए जा रहे हैं।
यह कदम चिड़ियाघर प्रबंधन और राष्ट्रीय प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय के सहयोग से वन महोत्सव के तहत उठाया गया है। वन महोत्सव को बतौर फेस्टिवल ऑफ लाइफ के तौर पर लोगों के बीच मनाया गया।
इस मौके पर चिड़ियाघर की निदेशक रेणु सिंह ने बच्चों और पर्यटकों को पर्यावरण को संरक्षित करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस तरह हम मिलकर अपनी धरती को बचा सकते हैं। साथ ही जलवायु परिवर्तन के खतरे को कम कर प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सकता है।
इस दौरान चिड़ियाघर के एजुकेशन क्यूरेटर रियाज खान ने बताया कि वन महोत्सव के तहत चिड़ियाघर में फल, फूल और अन्य पौधे लगाए जा रहे हैं। इस माह यहां 50 हजार पौधे लगाने के लक्ष्य को तेजी से पूरा किया जा रहा है। दर्शकों को यहां अब नए-नए किस्म के फूल भी देखने को मिलेंगे।