फर्श पर पड़ी मिर्च पाउडर
- फोटो : अमर उजाला
राघव चड्ढा ने आगे कहा कि, इस पूरी दिल दहला देने वाली घटना का मैं चश्मदीद हूं और यह अत्यंत शर्मनाक है कि मुख्यमंत्री कार्यालय में ऐसा कैसे हो गया, बीजेपी ने आरोप लगाया कि यह हमला केजरीवाल ने खुद ही कराया है। वहीं आप पार्टी का कहना है कि सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस की है। ऐसे में इतनी बड़ी चूक उनके ऊपर सवाल खड़ी करती है।
-राघव ने आगे कहा- अगर दिल्ली का मुख्यमंत्री ही नहीं सुरक्षित है, उसे जान से मारने की कोशिश हो रही है तो जनता कैसे सुरक्षित होगी ? आज जो हुआ है, वास्तव में चौकाने वाला है, गंभीर मामला है। यदि पुलिस एक स्वतंत्र जांच करती है तो ज़रूर मैं अपना बयान दर्ज करूंगा।
-सौरभ भारद्वाज ने कहा कि, केंद्र की बीजेपी सरकार ने ऐसा माहौल बनाया हुआ है जहां असामाजिक तत्वों को उकसाया जाता है ताकि वह सीएम केजरीवाल पर हमला करें। हमलावरों को पता है कि उन्हें केंद्र सरकार पूरा सुरक्षा देगी। सौरभ ने ये भी कहा कि बीेजेपी सरकार की तरफ से साफ संदेश है कि जो भी केजरीवाल पर हमला करेगा उसकी रक्षा की जाएगी और इसी वजह से ऐसे वाकये हो रहे हैं।
-राघव चड्ढा ने कहा कि हमलावर को दिल्ली पुलिस द्वारा पूरी सुरक्षा उपलब्ध है, पुलिस का कोई इरादा नहीं है कि वो आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।
उधर दिल्ली पुलिस का कहना है कि अनिल कुमार अपनी किसी समस्या को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने आया था। उसने मुख्यमंत्री को एक कागज दिया और फिर उनके पांव छुए। तभी उसके हाथ से मिर्च पाउडर नीचे गिर गया। जांच की जा रही है कि यह मिर्ची हमला था या फिर वह पाउडर गिर गया था।
इस घटना को लेकर दिल्ली सरकार ने कहा है कि यह हैरानी की बात है कि दिल्ली पुलिस अॉन रिकॉर्ड झूठ बोल रही है। सचिवालय की सुरक्षा की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस की है। सचिवालय की सुरक्षा में सेंध की पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं।सरकार का यह भी कहना है कि दिल्ली पुलिस राजनीतिक दबाव में झूठ बोल रही है।
सरकार का कहना है कि क्या दिल्ली पुलिस यह बता सकती है कि क्या कोई व्यक्ति सचिवालय में मिर्च पाउडर और माचिस के साथ प्रवेश कर सकता है। क्या सचिवालय में प्रवेश से पहले चेकिंग की जाती है। सरकार ने कहा है कि क्या होता अगर मुख्यमंत्री पर हमला करने वाला आदमी कोई हथियार लेकर अंदर आ जाता। हम इस घटना को लेकर तमाम कानूनी विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।