पूजा कर रहा था विक्रम का परिवार
शिव दुर्गा विहार लक्कड़पुर निवासी विक्रम ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ ग्राउंड फ्लोर पर रहता है। वहीं, पहली मंजिल पर राहुल उर्फ टीटू, तुलसी उर्फ निक्की, प्रियंका उर्फ चिक्की और बबली रहते हैं। 25 फरवरी की शाम को वह अपने परिवार के साथ घर के अंदर पूजा कर रहे थे। आरोपियों ने उनके घर के दरवाजे को जोर-जोर से पीटना और गालियां देनी शुरू कर दी। उन्होंने इसकी शिकायत आरोपी राहुल से की तो दोनों के बीच विवाद हो गया।
पड़ोसियों ने मांगी अंगुली तो राहुल ने देने से किया इनकार
शोर सुनने के बाद वहां अन्य पड़ोसी भी जमा हो गए। आरोप है कि पड़ोसियों ने राहुल से विक्रम की कटी हुई अंगुली देने के लिए कहा लेकिन वह नहीं माना। सूचना के बाद आई पुलिस ने राहुल से काटी हुई अंगुली वापस कराई। आरोप है कि इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक राहुल अंगुली को मुंह में दबाए रहा।
करनी पड़ी प्लास्टिक सर्जरी
विक्रम को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां अस्पताल में उनकी क्षतिग्रस्त अंगुली को प्लास्टिक सर्जरी के जरिए जोड़ा गया। 2 दिन अस्पताल में भर्ती होने के बाद उनको छुट्टी मिली। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी उनको पूजा पाठ करने पर मारपीट करता है। साथ ही उनके बच्चों को किसी झूठे केस में फंसा कर जेल भिजवा देने की धमकी भी दी है।