यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में भी नोएडा की तर्ज पर फिल्म सिटी बनाने की योजना है। एक निजी कंपनी ने यमुना प्राधिकरण से 300 एकड़ जमीन मांगी है। यमुना प्राधिकरण के एक सीनियर अफसर ने बताया कि फिल्म सिटी बनाने के लिए एक कंपनी का प्रस्ताव आ गया है।
इसमें उसने फिल्मों की शूटिंग के लिए स्टूडियो बनाने की मंशा जाहिर की है। प्रस्ताव के आधार पर प्राधिकरण ने सेक्टर-29 में जमीन देने की तैयारी कर ली है। जमीन का आवंटन शीघ्र करने की तैयारी है।
प्राधिकरण कंपनी की तरफ से आवंटन धनराशि जमा कराए जाने का इंतजार कर रहा है। वहीं, बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि आयुर्वेद की तरफ से एक हजार एकड़ जमीन का प्रस्ताव पहले ही आ चुका है।
1000 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव
- फोटो : डेमो पिक
कंपनी की तरफ से विशेष छूट की मांग प्रदेश सरकार से की गई है। प्रदेश सरकार ने यमुना प्राधिकरण से इसका पूरा ब्योरा मांगा था, जिसे दो दिन पूर्व ही प्राधिकरण ने बनाकर भेज दिया है।
प्रदेश सरकार के साथ ही पतंजलि ने केंद्र से भी विशेष रियायतें मांगी हैं। इसका प्रस्ताव भी केंद्र को भेजा जा चुका है। दरअसल, पतंजलि की तरफ से यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 1000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने का प्लान है।
इतनी बड़ी रकम का निवेश होने पर केंद्र सरकार की तरफ से भी छूट मिलती है। पतंजलि की तरफ से ग्रामोद्योग, दिव्य फार्मेसी, पतंजलि आयुर्वेद, ट्रस्ट, महाविद्यालय, आवास, आचार्य कुलम आदि विकसित करने की योजना है।