नोएडा सेक्टर 50 के लोगों के लिए सोशल मीडिया मददगार साबित हुआ। जिस समस्या का निदान कई दिनों से नहीं हो रहा था, एक ट्वीट ने उसे सुलझा दिया। हम बात कर रहे हैं सेक्टर 50 के आम्रपाली सोसायटी की, यहां आम्रपाली के सामने नाले पर एक पुलिया बनी हुई है।
इसी संकरी पुलिया से होकर स्कूल जाने वाले बच्चे और अन्य स्थानीय निवासी गुजरते हैं। इसके एक तरफ खतरनाक ढंग से लोहे के सरिए निकले हुए थे। जिससे आने-जाने वालों पर हमेशा खतरा मंडराता रहता था, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। इस समस्या को लेकर स्थानीय निवासी डॉक्टर आशीष जैन ने पहल करते हुए फोटो लेकर नोएडा अथॉरिटी और सीएम योगी को टैग कर दिया।
ट्वीट के बाद नोएडा अथॉरिटी हरकत में आई और तुरंत कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने इन सरियों को ठीक करवा दिया। बाहर निकले हुए सरिए को काट कर टेढ़ा कर दिया गया है। स्थिति अब उतनी खतरनाक नहीं है। इसके बाद डॉक्टर आशीष जैन ने नोएडा अथॉरिटी को ट्वीट कर इसके लिए धन्यवाद भी दिया। साथ ही उन्होंने लिखा खेद है कार्य अभी भी अधूरा है।