वैशाली मेट्रो स्टेशन से सफर करने और कलक्ट्रेट आने वाले हजारों शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। जीडीए ने 15 अक्तूबर तक दोनों पार्किंग शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है।
खास बात यह है कि बिना किसी औपचारिक कार्यक्रम के पार्किंग जनता को समर्पित कर दी जाएंगी। जीडीए ने दोनों पार्किंग में सेफ्टी ट्रायल शुरू कर दिया है।
दोनों पार्किंग में करीब 900 वाहनों को खड़ा किया जा सकेगा। सड़क किनारे खड़े किए गए वाहनों के कारण लगने वाले जाम से निजात मिलेगी।
वैशाली मेट्रो स्टेशन से रोजाना दिल्ली, नोएडा, गुड़गांव आदि जगहों के लिए 15 से 20 हजार लोग सफर करते हैं। पार्किंग की सुविधा न होने के कारण लोग सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी करते हैं।
इससे जाम की स्थिति बन जाती है। इससे निजात के लिए जीडीए ने यहां करीब 35 करोड़ की लागत से पांच मंजिला पार्किंग बनवाई है।
इसी प्रकार हापुड़ रोड पर कलक्ट्रेट, पुलिस, विकास भवन, जनसुविधा केंद्रों आदि जगहों पर आने वाले लोग कलक्ट्रेट परिसर या उसके बाहर बनी रोड पर वाहन खड़े करते हैं।
इस कारण अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। इससे निजात के लिए जीडीए ने यहां मल्टीलेवल पार्किंग बनवाई है। पहले दो अक्तूबर से दोनों पार्किंग की शुरुआत होनी थी। सेफ्टी ट्रायल न होने के कारण इनकी शुरुआत न हो सकी।