दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने हथियारों की एक फैक्टरी का खुलासा किया है। पुलिस ने इस संबंध में हथियारों पांच रिसीवर व फैक्टरी में हथियार बनाने वाले आरोपी समेत कुल छह आरोपियों को दबोचा है। आरोपियों के पास से 18 तमंचे, हथियार बनाने में इस्तेमाल की जाने वाली मशीनें और औजार बरामद किए हैं।
मुख्य आरोपी बिलाल उर्फ बिल्ला से हथियार लेकर दिल्ली-एनसीआर समेत दूसरे इलाकों में हथियार सप्लाई करने वाले चार आरोपी रविंदर, मुश्ताक, पवन और रहीश को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। इनसे पूछताछ के बाद अब मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस दाेनों से पूछताछ मामले की कर रही है।
सभी पकड़े गए आरोपियों में मुख्य आरोपी डीग, भरतपुर राजस्थान निवासी बिलाल खान उर्फ बिल्ला (22) और इसके साथी साहिल (25) के रूप में हुई है। आरोपी बिलाल पिछले करीब दो वर्षों से हथियार बनाकर सप्लाई कर रहा था। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर इस बात का पता लगा रही है कि इन लोगों ने अब तक कितने हथियार सप्लाई किए।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने बताया कि उनकी टीम लगातार हथियार बनाकर सप्लाई करने वाले गिरोह की तलाश में जुटी थी। इसी कड़ी में टीम ने रविंदर, मुश्ताक, पवन और रहीश को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक-एक तमंचा बरामद किया गया। छानबीन हुई तो पता चला कि इनको हथियार भरतपुर, डीग के बिलाल ने सप्लाई किए थे।
पुलिस की छापेमारी से पहले बिलाल फरार हो गया। टीम ने उसकी तलाश शुरू की। इस बीच 27 जुलाई को टीम को खबर मिली कि आरोपी बिलाल द्वारका के बामलौनी एरिया में आने वाला है। बिजवास-बामनौली रोड से आरोपी को दबोच लिया गया। उसके पास से कुल आठ तमंचे और चोरी की एक स्कूटी बरामद हुई। पुलिस ने उसे रिमांड पर लिया।
करीब चार दिनों की पूछताछ के बाद टीम ने बिलाल की निशानदेही पर बीमा-पहाड़, डीग, भरतपुर में छापेमारी की। वहां से इसकी फैक्टरी से कई पिस्टल, उनके पार्ट्स और मशीनें व औजार बरामद हुए। बिलाल ने अपने एक सप्लायर के नाम का खुलासा किया। बाद में आरोपी साहिल को भी दबोच लिया गया। उसके पास से दो तमंचे बरामद हुए।
बिलाल ने बताया कि उसने हथियार बनाना अपने अंकल से सीखा। बाद में वह उनके साथ ही काम करने लगा। अंकल की मौत के बाद 2018 से वह खुद ही पिस्टल बनाकर बेचने लगा। साहिल ग्राहकों को ढूढकर पिस्टल उनको बेचता था, बिलाल हथियार बनाता था। पुलिस दोनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।