इस्तीफे के बाद बोले फिल्मी सितारे-यह छात्रों के लंबे संघर्ष की जीत
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद फिल्म जगत की कई जानी मानी हस्तियों ने सोशल मीडिया पर छात्रों को बधाई दी। कलाकारों ने इसे उन छात्रों की जीत बताया, जो लंबे समय से नीट पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपने इस्तीफे में लिखा कि पिछले 10 दिन में हुईं घटनाओं से वह काफी परेशान थे और इसी वजह से उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
इस्तीफे की खबर सामने आते ही अभिनेता विजय वर्मा ने धर्मेंद्र प्रधान की एक तस्वीर साझा करते हुए फिल्म ऐ दिल है मुश्किल के लोकप्रिय गीत की पंक्ति लिखी, अच्छा चलता हूं... दुआओं में याद रखना। कॉमेडियन और लेखक वरुण ग्रोवर ने इस प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि छात्रों की लड़ाई और युवाओं के रचनात्मक अभियान ने आखिरकार सरकार को फैसला लेने पर मजबूर कर दिया।
वहीं, अभिनेता वीर दास ने भी छात्रों की सराहना की। उन्होंने लिखा कि छात्रों ने लोकतंत्र के एक महत्वपूर्ण मूल्य को फिर से याद दिलाया है। अभिनेत्री साबा आजाद ने लिखा कि छात्र एकता जिंदाबाद। अभिनेत्री पार्वती तिरुवोथु ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की प्रति साझा करते हुए लिखा कि इस्तीफा दे दिया। इसके अलावा अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा, फिल्म निर्माता विक्रमादित्य मोटवाने और ट्विंकल खन्ना ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया और इस्तीफे पर खुशी जताई।