सेक्टर-121 में शुक्रवार शाम अजनारा अपॉर्टमेंट की आठवीं मंजिल से गिरकर दिल्ली आईआईटी के छात्र अंचल भारद्वाज (21) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। दोपहर को वह यहां अपनी बुआ के बेटे के फ्लैट में गया था।
छात्र के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए एसएसपी डॉ. प्रितिंदर सिंह से रिश्तेदार दंपति के खिलाफ शिकायत की। हरियाणा की एक निजी विश्वविद्यालय में प्रोफेसर महावीर भारद्वाज का कहना है कि उनके बेटे ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसे ऊपर से फेंका गया है।
सीओ सेकेंड विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार सेक्टर-22 में एक पीजी में रह रहा अंचल दिल्ली आईआईटी से एमटेक फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रहा था।
छात्र की बुआ का बेटा अपनी पत्नी के साथ
सेक्टर-121 स्थित अजनारा अपॉर्टमेंट में फ्लैट संख्या-ई-802 में रहता है। छुट्टी के दिन अंचल अक्सर यहां आता-जाता था।
छात्र के पिता महावीर भारद्वाज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले अंचल की बुआ के बेटे की पत्नी के जेवर चोरी हो गए थे। उन्होंने चोरी का शक अंचल पर जताया था। शुक्रवार को पति-पत्नी बाइक से सेक्टर-22 स्थित उसके पीजी गए।
इस दौरान कुछ खाने-पीने का बहाना बनाकर बुआ का लड़का अंचल को अपने साथ ले गया, जबकि उसकी पत्नी ने अंचल के कमरे को खंगाल डाला। वहां पर महिला के जेवर तो नहीं मिले, लेकिन उसके डिब्बे मिल गए।
इसके बाद शाम करीब 4:15 बजे छात्र अजनारा अपॉर्टमेंट की आठवीं मंजिल से जा गिरा। आसपास के लोग और बुआ का बेटा उसे फोर्टिस अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने अंचल को मृत घोषित कर दिया।