-जामिया स्कूल और आईआईटी मद्रास के बीच हुई साझेदारी
-कक्षा नौवीं से 12 वीं कक्षा तक के छात्र आठ हफ्ते के ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स में ले सकेंगे हिस्सा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया के जामिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने छात्रों को उच्च शिक्षा और कॅरिअर के विभिन्न क्षेत्रों से रूबरू कराने के लिए आईआईटी मद्रास के स्कूल कनेक्ट प्रोग्राम से साझेदारी की है। इसके तहत कक्षा नौवीं से 12 वीं तक के छात्रों को विभिन्न विषयों में ऑनलाइन लर्निंग का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के तहत गणित-विज्ञान, इंजीनियरिंग, कंप्यूटिंग, मानविकी और प्रबंधन समेत कई क्षेत्रों में आठ सप्ताह के ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स उपलब्ध कराए जाएंगे। छात्रों को डेटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, इकोनॉमिक्स एंड फाइनेंस, लॉ, डिजिटल ह्यूमैनिटीज, इकोलॉजी और फोरेंसिक साइंस जैसे विषयों को समझने का मौका मिलेगा।
इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम, आर्किटेक्चर एंड डिजाइन, प्रोडक्ट डिजाइन, बायोलॉजिकल सिस्टम, केमिकल इंजीनियरिंग, एयरोस्पेस और गेम टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों के पाठ्यक्रम भी शामिल हैं। असाइनमेंट और परीक्षा समेत निर्धारित आवश्यकताएं पूरी करने वाले छात्रों को आईआईटी मद्रास सीओडीई की ओर से ई-सर्टिफिकेट दिया जाएगा।
स्कूल के प्रिंसिपल डॉ. मो. अरशद खान के नेतृत्व में शुरू हुई इस पहल में पीजीटी कंप्यूटर साइंस शिक्षिका वसिया सिद्दीकी को स्कूल का सिंगल पॉइंट ऑफ कॉन्टैक्ट(एसपीओसी) बनाया गया है। वहीं स्कूल प्रशासन ने इस साझेदारी के लिए जामिया कुलपति प्रो. मजहर आसिफ और रजिस्ट्रार प्रो. मो. महताब आलम रिजवी को आभार व्यक्त किया है।