-प्लेसमेंट में 200 कंपनियां हुई शामिल और 91.42 प्रतिशत छात्रों को मिला प्लेसमेंट
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। इंद्रप्रस्थ सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी-दिल्ली) के कैंपस प्लेसमेंट में इस बार छात्रों को बेहतर पैकेज मिले हैं। बीटेक के एक छात्र को 1.22 करोड़ रुपये से अधिक का सर्वाधिक सालाना पैकेज ऑफर हुआ। इस बार 200 कंपनियां प्लेसमेंट में शामिल हुईं और कुल प्लेसमेंट प्रतिशत 91.42 रहा।
बीटेक छात्रों का औसत सालाना पैकेज 20.77 लाख रुपये रहा, जबकि एमटेक छात्रों को औसतन 17.05 लाख रुपये का पैकेज मिला। सभी पाठ्यक्रमों को मिलाकर औसत पैकेज 19.59 लाख रुपये रहा। एमटेक में सर्वाधिक पैकेज 38.48 लाख रुपये और विदेशी कंपनी से अधिकतम 48.65 लाख रुपये का ऑफर मिला।
प्लेसमेंट में शामिल 200 कंपनियों में 163 ने फुल टाइम रोजगार और 37 ने इंटर्नशिप के ऑफर दिए। कुल 868 छात्रों को ऑफर मिले, जिनमें 682 को नौकरी और 186 को इंटर्नशिप ऑफर की गई।
पाठ्यक्रमवार बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड डिजाइन (सीएसडी) में 100 फीसदी प्लेसमेंट रहा। सीएसई में 98.26 फीसदी, सीएसएएम में 94.55 फीसदी, सीएसएसएस में 92.68 फीसदी और सीएसएआई में 92 फीसदी छात्रों को ऑफर मिले। बीटेक ईसीई में प्लेसमेंट 69.70 फीसदी रहा। एमटेक सीएसई में 95.16 फीसदी और एमटेक ईसीई में 83.93 फीसदी छात्रों को प्लेसमेंट मिला।