- 30 मार्च को नाइट ऑफ ऑनर्स, रिकी केज की प्रस्तुति रहेगी खास
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। भारत मंडपम में चल रहे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली में सिनेमा के साथ ही राज कपूर से चार्ली चैपलिन तक के सिनेमा का पूरा सफर दिखाया जा रहा है। इसमें भारतीय और वैश्विक सिनेमा के इतिहास को 12 अलग-अलग थीम के जरिए पेश किया गया है, जो दर्शकों को खासा आकर्षित कर रही है। इसे देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
शनिवार को दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि ये प्रदर्शनी सिर्फ फिल्मों का सफर नहीं दिखाती, बल्कि दुनिया में भारत की सॉफ्ट पावर को भी सामने लाती है। ये आयोजन दिल्ली को क्रिएटिव और मीडिया हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। प्रदर्शनी में राज कपूर और चार्ली चैपलिन जैसे दिग्गज कलाकारों को समर्पित खास सेक्शन बनाए गए हैं।
फिल्मों की लग रही मास्टर क्लास
फेस्टिवल में मास्टरक्लास, वर्कशॉप और स्क्रिप्ट पिचिंग जैसे कार्यक्रम भी आयोजित हो रहे हैं, जहां युवाओं को सीखने का मौका मिल रहा है। विभिन्न सत्रों में फिल्म वितरण, इंडिपेंडेंट सिनेमा और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। इन सत्रों में संजय राम, अनिल थडानी, जीपी विजयकुमार, गायत्री गुलियानी और विंता नंदा ने अपने विचार साझा किए। वहीं अभिनेता पीयूष मिश्रा ने कहानी, कविता और सिनेमा पर मास्टरक्लास दी। एक दिन पहले दिल्ली फिल्म फेस्टिवल में अभिनेता आमिर खान भी पहुंचे थे। आमिर खान ने दिल्ली के पर्यटन विभाग की इस पहल की जमकर सराहना की थी। उनकी फिल्म सितारे जमीन पर की भी आईएफएफडी में स्क्रीनिंग की गई।
देशभक्ति से सराबोर फिल्में दिखाई गईं
फेस्टिवल में शनिवार को रंग दे बसंती और रोजा समेत कई फिल्मों की स्क्रीनिंग की गई, जिसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला। मंत्री ने बताया कि 30 मार्च को नाइट ऑफ ऑनर्स का आयोजन होगा। इसमें अंतरराष्ट्रीय संगीतकार रिकी केज की लाइव प्रस्तुति मुख्य आकर्षण होगी।