यदि आप ओएलएक्स के जरिये बाइक या कार खरीदने की योजना बना रहे हैं तो जरा सावधान हो जाएं। कहीं ऐसा न हो कि सस्ते के चक्कर में आप किसी शातिर ठग के जाल में फंसकर अपने रुपये गंवा बैठे। गाजीपुर में एक युवक के साथ कुछ ऐसा ही हुआ।
युवक ने ओएलएक्स पर 20 हजार रुपये की एक स्कूटी देखकर फोन पर ही उसका सौदा कर लिया। तय होने के बाद आरोपी ने पार्सल चार्ज, जीएसटी, ट्रांसपोर्ट समेत अन्य चार्ज के नाम पर पीड़ित कौशलेंद्र मिश्रा से 70 हजार रुपये ठग लिए। इसके बाद आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर दिया। पीड़ित ने परेशान होकर मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक कौशलेंद्र मिश्रा परिवार के साथ मयूर विहार फेज-3 में रहता है। वह एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। कौशलेंद्र को लोकल में छोटे-मोटे काम के लिए एक स्कूटी की जरूरत थी। इसके लिए उसने ओएलएक्स पर इसकी तलाश शुरू की।
ओएलएक्स पर कौशलेंद्र ने एक विज्ञापन में देखा कि दिल्ली से बाहर 20 हजार रुपये की एक स्कूटी मिल रही है। पैसों और मॉडल के हिसाब से स्कूटी अच्छी थी। कौशलेंद्र ने स्कूटी मालिक से सौदा किया और वह बीस हजार रुपये में स्कूटी देने को तैयार हो गया।
इसके बाद आरोपी ने स्कूटी भेजने के नाम पर पीड़ित से धीरे-धीरे सत्तर हजार रुपये ऑन लाइन मंगा लिए, लेकिन इसके बाद भी स्कूटी नहीं भेजी। इसके बाद आरोपी मोबाइल बंद कर गायब हो गया। अब पुलिस मोबाइल नंबर की मदद से आरोपी की तलाश कर रही है।