-विश्वविद्यालय ने किया स्पष्ट आवेदन की त्रुटि को सुधारा नहीं जा सकता
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए यूजी से लेकर पीएचडी कार्यक्रमों में दाखिला आवेदन की प्रक्रिया जारी है। मगर, आवेदकों द्वारा कार्यक्रम एवं कोड गलत भरना, पंजीकरण शुल्क न जमा कराना प्रशासन के लिए सिरदर्द बन रहा है। उम्मीदवारों द्वारा आवेदन में त्रुटि सुधार के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को ईमेल मिल रहे है। मगर, विश्वविद्यालय ने स्पष्ट कर दिया है कि इस तरह की गलती को सुधारा नहीं जा सकता है। आवेदक को दोबारा सही कार्यक्रम और कार्यक्रम कोड के लिए निर्धारित पंजीकरण शुल्क के साथ आवेदन करना होगा। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नलिनी रंजन के अनुसार विभिन्न कार्यक्रम में आवेदन के क्रम में कई उम्मीदवार कार्यक्रम एवं कार्यक्रम कोड भरने में गलती कर रहे हैं। विश्वविद्यालय से ठीक करने का अनुरोध किया जा रहा है। लेकिन गलती में सुधार का अवसर देना संभव नहीं है। दाखिला आवेदन की आखिरी तारीख 11 अप्रैल है। बता दें कि विश्वविद्यालय के यूजी, पीजी और पीएचडी कार्यक्रमों में दाखिला आवेदन की प्रक्रिया दो फरवरी को शुरू हुई थी। विश्वविद्यालय के 130 से अधिक संबद्ध कॉलेजों और विश्वविद्यालय स्कूलों में 43,000 से अधिक सीटों के साथ इच्छुक उम्मीदवार दाखिला के लिए आवेदन कर सकते हैं।