अगर आपने अपने किरायेदार का सत्यापन नहीं कराया है तो आपको सावधान होने की जरूरत है। किरायेदार का सत्यापन नहीं होने से आप दिल्ली पुलिस के राडार पर आ सकते हैं। इस तरह की लापरवाही बरतने वाले करीब 500 लोगों पर दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई भी की है।
स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली को महफूज रखने की तैयारी दिल्ली पुलिस ने शुरू कर दी है। इसके तहत ऐसे मकान मालिकों की पहचान की जा रही है जिन्होंने अभी तक किरायेदारों का सत्यापन नहीं करवाया है। पुलिस की अपील है कि मकान मालिक हर हालत में अपने किरायेदार का सत्यापन करवा लें।
स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में आतंकी हमले का खतरा रहता है। आतंकियों की कोशिश देश की राजधानी का दहलाने की होती है। पुलिस को आशंका है कि आयोजन स्थल के नजदीक आतंकी किराये पर मकान ले सकते हैं।
ऐसे में किरायेदारों का सत्यापन बेहद जरूरी है। पुलिस ने इसके लिए अभियान भी चला रखा है। करीब डेढ़ महीने पुलिस ने लाल किले के नजदीकी इलाकों में डोर-टू-डोर अभियान चलाया था।
फिलहाल पुलिस ऐसे मकान मालिकों की पहचान कर रही है, जिन्होंने सत्यापन कराने के सरकारी आदेश को अनदेखा किया है। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक करीब 500 मकान मालिकों पर मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार कर पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया है।