सर्राफ करुना करन वर्मा हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई से सर्राफा व्यापारी नाराज हैं। उन्होंने मंगलवार को चौपला बाजार में बैठक की, जिसमें पुलिस को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है।
अगर खुलासा नहीं किया तो वे आंदोलन करेंगे। काली दिवाली मनाएंगे। उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ ने सीएम को भी ज्ञापन भेजा है, जिसमें लिखा है कि स्वर्णकारों को गाजियाबाद में हत्या और लूट का डर सता रहा है।
रात में घर से आने जाने में भी खौफ सताता रहता है। कुछ वारदातों की तो पुलिस रिपोर्ट ही दर्ज नहीं करती। रिपोर्ट दर्ज करती है तो खुलासा नहीं करती।
उत्तर प्रदेश स्वर्णकार संघ के बैनर तले हुई बैठक में संघ के प्रदेश महासचिव रवि वर्मा ने आरोप लगाया कि मौजूदा हालाताें में पुलिस प्रशासन निष्क्रिय हो गया है।
बदमाश खुलेआम घटनाएं कर रहे हैं लेकिन पुलिस अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं। थानों में व्यापारियों के साथ सौतेला व्यवहार किया जाता है। पुलिस बेवजह व्यापारियाें का उत्पीड़न करती है।
पुलिस सर्राफा व्यापारी करुणाकरन वर्मा की हत्या को आत्महत्या बता रही है, जो गलत है। पुलिस केस को मैनेज करने में लगी है, लेकिन व्यापारी वर्ग ऐसा नहीं होने देगा।
बता दें कि श्यामपार्क एक्सटेंशन स्थित लक्ष्मी ज्वैलर्स के मालिक रिंकू (32) की शनिवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। राजनगर एक्सटेंशन के पास कार में शव मिला था।
एक गोली उनके सीने में लगी थी। पुलिस उनका लूटा गया लाइसेंसी रिवाल्वर, दो मोबाइल और पर्स भी बरामद नहीं कर सकी है।
संदिग्ध मोबाइल नंबर पुलिस को सौंपेंगे परिजन
पुलिस की सुसाइड थ्योरी से परिजनों में रोष है। परिजनों का कहना है कि करुणा करन किसी भी स्थिति में सुसाइड नहीं कर सकते। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए मोबाइल से निकालकर कई नंबर चिंहित किए हैं।
जिन्हें जांच के लिए वह पुलिस को सौंपेंगे। बुधवार को श्यामपार्क एक्सटेंशन स्थित आवास पर करुना करन की रस्म पगड़ी की जाएगी।