दिल्ली की लाइफ लाइन बन चुकी मेट्रो अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रियों को भी भाने लगी है। यही वजह है कि मोदी के मंत्री अब एयरपोर्ट आने जाने के लिए अधिकतम बार मेट्रो लाइन का इस्तेमाल कर रहे हैं।
मेट्रो की माने तो जब से मोदी की सरकार सत्ता में आई है तब से 435 से अधिक बार मोदी के मंत्री मेट्रो की सेवाएं ले चुके हैं। सिर्फ मंत्री ही नहीं बड़ी संख्या में संसदीय समितियों के अध्यक्ष समेत उच्च पदों पर बैठे राजनेता भी मेट्रो के सफर का आनंद उठा रहे हैं।
मेट्रो का सबसे ज्यादा सफर करने वालों में केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू सबसे आगे हैं। वह जब भी एयरपोर्ट आते-जाते हैं, एयरपोर्ट मेट्रो लाइन की सेवाएं जरूर लेते हैं। अधिक यात्राएं करने के कारण वह डीएमआरसी को प्रोटोकाल को बार-बार फॉलो करने के लिए मना करते रहते हैं।
जानिए कौन-कौन से मंत्री करते हैं ज्यादा सफर
दिल्ली मेट्रो
वेंकैया नायडू के अलावा केंद्रीय श्रम व रोजगार मंत्री बंडारू दत्तात्रेय, केंद्रीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल, रसायन एवं उर्वरक मंत्री अनंत कुमार, नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजू मोदी सरकार के ऐसे मंत्री हैं जो कि इन डेढ़ सालों में मेट्रो सफर की सबसे अधिक सेवाएं ले चुके हैं।
ज्वाइंट पार्लियामेंट कमेटी के अध्यक्ष पीपी चौधरी समेत कई सांसद भी अब एयरपोर्ट आने जाने के लिए मेट्रो की सेवाएं लेते हैं। मेट्रो के मुताबिक, एयरपोर्ट लाइन पर धीरे-धीरे यात्रियों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
अब रोजाना इससे औसतन 35 हजार लोग सफर करते हैं। बेहतर सेवाएं देने के साथ शिवाजी स्टेडियम से चेक इन की सुविधाएं मिलने से भी यात्रियों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
मेट्रो का प्रयोग करने वाले प्रमुख नेता:
वेंकैया नायडू, बंडारू दत्तात्रेय, वाइ.एस. चौधरी, अशोक गजपति राजू, अनंत कुमार, पीयूष गोयल, राजीव प्रताप रूडी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, आंध्र प्रदेश सरकार में मंत्री के. रामा मोहन राव, सांसद श्रीनिवासन। सांसद जे. सी. दिवाकर रेड्डी।