मध्य दिल्ली के पहाड़गंज स्थित होटल में युवक ने अवैध संबंधों के शक में अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी भाग गया। बाद में वह मथुरा पहुंचा। वहां पहुंचकर उसने पीसीआर कॉल कर पत्नी की हत्या की बात पुलिस को बताई। मौके पर पहुंची हाइवे मथुरा थाने की टीम ने आरोपी को दबोच लिया।
दिल्ली संपर्क कर होटल में चेक करवाया गया तो वहां महिला की लाश बरामद हुई। मृतका की शिनाख्त उत्तराखंड के रुद्रपुर जिले के उधमपुर स्थित न्यू घास मंडी निवासी कीर्ति शर्मा (24) के रूप में हुई। मथुरा पुलिस ने आरोपी मथुरा के सराय आजमाबाद स्थित आजमपुर निवासी गोपाल शर्मा को दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया।
मध्य जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया, शनिवार तड़के पहाड़गंज स्थित न्यू विक्टोरिया होटल के मैनेजर प्रेम सिंह ने मथुरा पुलिस का कॉल आने पर कमरा चेक करवाया तो उसमें महिला की लाश मिली। शनिवार गोपाल को दिल्ली लाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की।
आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। वह पत्नी को बहाने से दिल्ली लाया। यहां होटल में कमरा लेकर उसने शाम के समय गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी। बाद में रात नौ बजे वह निकल गया। मथुरा पहुंचकर उसने हत्या की सूचना 112 पर कॉल कर दी। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।