नरेला इलाके में रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में शुक्रवार रात एक दुकानदार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार तीन बदमाश चाकू से हमला कर फरार हो गए। मृतक की शिनाख्त गांव मंडोरा, सोनीपत, हरियाणा निवासी सुमित (24) के रूप में हुई है। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात पुलिस को सूचना मिली कि लामपुर बॉर्डर के पास बाइक सवार तीन हमलावरों ने दिव्या खत बीज की दुकान के मालिक पर चाकू से हमला कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक आस पास के लोग घायल सुमित को लेकर राजा हरिशचंद अस्पताल जा चुके थे।
अस्पताल पहुंची पुलिस को पता चला कि डॉक्टरों ने सुमित को मृत घोषित कर दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया। छानबीन के दौरान पता चला कि सुमित घटना के समय दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान तीन बदमाश एक बाइक से वहां पहुंचे और दुकान में घुसकर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
एक आरोपी की पहचान राहुल के रूप में हुई है। पुलिस ने क्राइम और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने मौके से कई साक्ष्य हासिल किए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच पड़ताल में पता चला है कि सुमित का एक आरोपी के साथ रुपये के लेन-देन में विवाद चल रहा था।
शाहदरा जिले की गीता काॅलोनी में शनिवार शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त शाहिद उर्फ आशु (20) के रूप में हुई है। शुरुआती छानबीन के बाद जिला पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि शाहिद का अपने किरायेदार मुन्ना से मकान खाली करने को लेकर विवाद चल रहा था।
आशंका व्यक्त की जा रही है कि मुन्ना के दो बेटों चांद और इमरान ने वारदात को अंजाम दिया। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि शाहिद अपने परिवार के साथ रानी गार्डन, गीता काॅलोनी इलाके में रहता था। इसके परिवार में पिता अशफाक के अलावा दो भाई और एक बहन है। इनके मकान की पहली मंजिल पर मुन्ना का परिवार किरायेदार के रूप में रहता है। शाहिद के परिवार का मुन्ना से मकान खाली करने को लेकर विवाद चल रहा था।
शनिवार शाम को शाहिद रानी गार्डन के बी-64 स्थित अपनी दुकान पर खुद ही सफेदी कर रहा था। इस बीच अज्ञात हमलावरों ने उस पर गोलियां बरसा दीं। हमला करने के बाद आरोपी फरार हो गए। परिजन फौरन शाहिद को एलएनजेपी अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजा। शाम करीब 6.41 बजे गीता कालोनी थाना पुलिस को अस्पताल से ही शाहिद की मौत की सूचना मिली। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।