पति की दूसरी शादी से नाराज महिला ने शनिवार दोपहर अपने तीन बच्चों को पीटकर घर से निकाल दिया। दरअसल, बच्चों ने ही पिता के दूसरी शादी की सहमति दी थी। बच्चों ने कोतवाली पुलिस से शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, दादरी कोतवाली क्षेत्र के नई आबादी के किदवई नगर मोहल्ला निवासी फकरुद्दीन सैफी बादलपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित निजी कंपनी में नौकरी करता है। उसके तीन बच्चे हैं जिनकी उम्र 12, 10 और 4 वर्ष है। विवाद होने पर पत्नी शहनाज तीन साल पहले पति और तीनों बच्चों को छोड़कर मायके चली गई थी। तब से बच्चे पिता के साथ ही रहते थे।
तीन माह पहले फकरुद्दीन ने बच्चों की सहमति लेकर मेहर से निकाह कर लिया। फिर सभी अच्छैजा में किराए पर रहने लगे। वहीं, चार दिन पहले शहनाज वापस आ गई। फोन कर उसने तीनों बच्चों को पास बुला लिया। बच्चों से ही उसे दूसरी शादी की जानकारी मिली।
बच्चों के सहमति देने से नाराज मां ने उन्हें शुक्रवार रात खाना नहीं दिया। साथ ही तीनों की पिटाई कर दी। बच्चों ने पिता को फोन कर सूचना दी। वहीं, पिता ने बच्चों को घर आने को कहा। पति के तुरंत नहीं आने से नाराज शहनाज ने बच्चों की पिटाई कर उन्हें घर से निकाल दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम सेन सिंह ने बताया कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।