नोएडा के सेक्टर-39 कोतवाली में एक युवक ने लिव इन पार्टनर से शादी की और दो माह बाद ही उसे बस अड्डे पर छोड़कर फरार हो गया। महिला ने आरोपी के खिलाफ शादी कर धोखा देने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि छलेरा में परिवार के साथ किराये पर रहने वाली युवती आरसीएम कंपनी मेें काम करती है। उसका सेक्टर-45 की कांशीराम कॉलोनी निवासी रोशन से प्रेम-प्रसंग हो गया। रोशन ने उससे शादी करने का वादा किया। इसके बाद युवती रोशन के साथ लिव इन में रहने लगी।
बताया गया कि 20 अप्रैल को रोशन और युवती ने सूरजपुर स्थित आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। शादी में युवती के परिजन भी शामिल हुए थे। 4 जून को दोनों कहीं जाने के लिए सेक्टर-44 में बस का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान रोशन पानी पीने के बहाना चला गया और वापस नहीं आया। युवती ने उसका मोबाइल नंबर मिलाया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
5 जून को वह पति रोशन के कांशीराम कॉलोनी स्थित घर पहुंची तो पति के भाई और पड़ोस में रहने वाली महिला ने उससे अभद्रता की। महिला ने पुलिस को फोन कर बुला लिया। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। आरोपी रोशन ने खुद को जयपुर, राजस्थान का रहने वाला बताया था, जबकि छानबीन में पता चला कि वह बिहार का रहने वाला है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।