नवनियुक्त हुडा प्रशासक ने शनिवार को सेक्टर-21 के मेन मार्केट की सफाई व्यवस्था स्थानीय आरडब्ल्यूए को सौंप दी। इसके आलावा कुछ और सेक्टरों की आरडब्ल्यूए को सफाई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हुडा प्रशासक पीसी मीणा ने कहा कि सफाई व्यवस्था को लेकर आरडब्ल्यूए के से सहमति बनने के बाद सफाई की जिम्मेदारी आरडब्ल्यूए को सौंपने का ऐतिहासिक कदम उठाया। उन्होंने बताया कि आरडब्ल्यूए पिछले काफी समय से सफाई व्यवस्था अपने जिम्मे लेने की मांग उठा रही थी जिसके चलते विभाग ने यह निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि नई पहल से ठेकेदारों की मध्यस्थता खत्म होगी और आरडब्ल्यूए तथा हुडा के बीच तालमेल बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि इस बारे में हुडा सेक्टरों के बाकी आरडब्ल्यूए को भी पत्र लिखा गया है। उन्होंने कहा कि इसे ट्रायल पर दिया गया है। परिणाम सकारात्मक और संतोषजनक रहे तो सफाई व्यवस्था शहर की सभी आरडब्ल्यूए को सौंप दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि शुरूआती चरण में सेक्टर-15 पार्ट-2, सेक्टर-3, 5, 6, 21, 22 व 23 में आरडब्ल्यूए की मदद से सफाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इन सफाई कर्मचारियों को वेतनमान भी पहले की अपेक्षा अधिक दिया जाएगा।
इस अवसर पर सेक्टर-21 के लोगों ने कम्युनिटी सेटर बनाए जाने की मांग भी हुडा प्रशासक के समक्ष रखी। कार्यक्रम में एसई ए के गुप्ता, एसटीपी आरके सिंह, एक्सईएन भूपसिंह, एसडीओ अश्वनी गौड़, सेक्टर-21 के आरडब्ल्यूए प्रेजीडेंट कर्नल उमेद सिंह, सेक्टर-22ए की प्रेजीडेंट मीरामणि, सेक्टर-22बी के प्रेजीडेंट भीम सिंह यादव, सेक्टर-23 के प्रेजीडेंट अशोक राणा व आरडब्ल्यूए सेक्रेटरी साधना यादव आदि मौजूद थे।
सेक्टरों में सफाई व्यवस्था
सेक्टर-21 में सफाई के लिए 28 सफाई कर्मचारी व 2 सुपरवाइजर, सेक्टर-22 में 32 सफाई कर्मचारी व 2 सुपरवाइजर तथा सेक्टर-23 में 50 सफाई कर्मचारी व 3 सुपरवाइजर नियुक्ति किए गए हैं। इन सेक्टरों को गंदगी उठाने को 6 से 8 ठेला रिक्शा,ट्राली व जेसीबी भी दी गई है।