निष्पक्ष परीक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट, कंट्रोल रूम से होगी हर गतिविधि पर नजर
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी नूंह।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 का आयोजन 4 और 5 जुलाई को होगा। जिला नूंह में परीक्षा के लिए शहर में कुल आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 4,878 अभ्यर्थी विभिन्न स्तरों की परीक्षा में शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपायुक्त ने बताया कि 4 जुलाई की सायंकालीन पाली में पीजीटी स्तर की परीक्षा होगी, जिसमें 1,058 अभ्यर्थी शामिल होंगे। वहीं 5 जुलाई की प्रातःकालीन पाली में टीजीटी स्तर की परीक्षा में 2,362 तथा सायंकालीन पाली में पीआरटी स्तर की परीक्षा में 1,458 अभ्यर्थी भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा के बाद सभी केंद्र अधीक्षकों, विद्यालय प्राचार्यों, ड्यूटी मजिस्ट्रेटों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर प्रधानाचार्य मुख्य केंद्र अधीक्षक होंगे, जबकि प्रश्न-पत्र जिला कोषागार से बोर्ड प्रतिनिधि, ड्यूटी मजिस्ट्रेट और केंद्र अधीक्षक संयुक्त रूप से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाएंगे।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सभी केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमें, निर्बाध बिजली आपूर्ति और पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। उपायुक्त ने बताया कि लगभग 70 प्रतिशत अभ्यर्थी महिलाएं हैं। इसे ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों के बाहर उनके परिजनों के बैठने और पेयजल की विशेष व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में बीएनएसएस की धारा-163 लागू रहेगी और सभी फोटोकॉपी केंद्र बंद रहेंगे। पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही यदि कोई अभ्यर्थी गलती से गलत परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाता है तो ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस राइडर उसे तत्काल सही परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में सहायता करेंगे।