बाईपास रोड पर बुधवार सुबह कैली गांव के पास एक ऑटोमोबाइल कंपनी के एचआर मैनेजर के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह वह घर से ऑफिस जाने के लिए निकले थे।
गोली लगने के बाद उनकी कार क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे लगे सीमेंट के पिलर से जा टकराई। दुर्घटना समझकर लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डाक्टरों की जांच में पता चला कि प्रवीण को गोली मारी गई है।
ग्रामीणों ने पुलिस आयुक्त संजय कुमार से मुलाकात कर घटना पर रोष जताया। थाना सदर बल्लभगढ़ पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं मामले का खुलासा करने के लिए डीसीपी क्राइम के नेतृत्व में चार टीमों का गठन किया गया है।
गांव हीरापुर निवासी प्रवीण कौशिक (30 वर्ष) सीकरी स्थित जौहर ऑटो मोबाइल में बतौर एचआर मैनेजर कार्यरत थे और कंपनी के सीकरी स्थित सर्विस सेंटर में बैठते थे। बुधवार सुबह करीब आठ बजे घर से ऑफिस जाने के लिए निकले थे। बाईपास रोड पर सीकरी से थोड़ा पहले कैली गांव के पास उनकी कार सड़क किनारे ग्रीन बेल्ट की तारबंदी के लिए लगाए गए सीमेंट के पिलर से जा टकराई।
वहां से गुजर रहे लोगों ने देखा तो प्रवीण बेहोश पड़े थे और उनके सिर से खून बह रहा था। वहां से गुजर रहे एक सेवानिवृत्त बैंककर्मी सेक्टर-29 निवासी हरीश ने राहगीरों की मदद से प्रवीण को अपनी कार से सेक्टर-8 स्थित सर्वोदय अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर प्रवीण के परिजन व पुलिस भी अस्पताल पहुंच गए। जांच के दौरान पता चला कि प्रवीण के सिर में गोली मारी गई है। इस पर फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और कार का मुआयना किया तो पता चला कि प्रवीण की चालक साइड के शीशे में गोली आर-पार होने का निशान था। हमलावर कौन थे और उन्होंने प्रवीण को क्यों मारा, इस बारे में अभी कुछ पता नहीं है।
प्रवीण के परिजनों ने भी किसी तरह की कोई रंजिश से झगड़े की बात से इंकार किया है। वहीं सर्वोदय अस्पताल में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे पुलिस आयुक्त संजय कुमार से ग्रामीणों ने मुलाकात की और घटना पर रोष जताया। पुलिस आयुक्त ने उन्हें आश्वस्त किया कि पुलिस आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लेगी। उन्होंने थाना प्रभारी को गंभीरता से मामले की जांच के आदेश दिए हैं।