देश की राजधानी दिल्ली में अपराध बढ़ते जा रहे हैं। अब तक तो इसकी चपेट में सिर्फ आम जनता ही थी लेकिन, अब हमारी रक्षा करने वाले ही इसके शिकार बन रहे हैं। बीते रविवार को दिल्ली के अमन विहार इलाके में अपराधियों ने एक पुलिसवाले को गोली मार दी। दिल्ली में एक के बाद एक पुलिस पर हो रहे हमलों ने पुलिस की सुरक्षा पर ही सवाल खड़े कर दिए।
इस घटना को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने एक अहम बैठक की। बैठक मे गृहमंत्री ने पुलिस को राजधानी में कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने और पुलिस की सुरक्षा के संबंध में उपाय करने के आदेश दिए। इसके साथ ही राजधानी में सभी अवैध हत्यारों का पता लगाने के भी निर्देश दिए गए।
दिल्ली पुलिस ने अपराध को रोकने और पुलिस वालों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्पेशल प्लान बनाया है। पुलिस दिल्ली के उन इलाकों की पहचान कर रही है जहां अपराध्ा ज्यादा होते हैं। इन इलाकों को उसने डार्क स्पॉट के रूप में चिन्हित किया है। इसके साथ ही साथ दिल्ली पुलिस पेट्रोलिंग की वर्तमान व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव करने की योजना बना रही है।
पुलिस वाले खुद को अपराधियों के बीच फंसा होने पर कैसे बचा सकें इस पर भी गंभीरतापूर्वक विचार किया गया। पुलिस वाले अपनी सुरक्षा बेहतर ढंग से कर सकें इसके लिए उनके हथियारों के आधुनिकीकरण से लेकर उनकी फिजीकल ट्रेनिंग और मनोवैज्ञानिक प्रशिक्षण की भी व्यवस्था की जा रही है।