पीड़ित आप नेता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज
आम आदमी पार्टी पार्षद के पति गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जैतपुर एक्सटेंशन में एक दोस्त को अपना मकान कार्यालय चलाने के लिए देने वाला व्यक्ति उसी के कब्जे का शिकार हो गया। आम आदमी पार्टी की निगम पार्षद हेमा वोहरा के पति श्रीचंद वोहरा पर आरोप है कि उन्होंने दोस्त राकेश कुमार की जमीन पर कब्जा कर लिया और विरोध करने पर उसके खिलाफ फरीदाबाद में प्राथमिकी दर्ज कराकर उसे जेल भिजवा दिया। राकेश कुमार की शिकायत पर दक्षिण-पूर्व जिले की कालिंदी कुंज थाना पुलिस ने श्रीचंद वोहरा को उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि आरोपी उज्जैन के एक होटल में छिपकर रह रहा था। पीड़ित राकेश ने 31 जुलाई को शिकायत दी थी कि 2019 में उसने कुछ दिनों के लिए अपनी जमीन श्रीचंद को दी थी, लेकिन समय बीत जाने के बावजूद आरोपी ने जमीन खाली नहीं की। पहली मंजिल से उसका सामान निकलवाकर वहां अपना सामान रख दिया और अलग बिजली मीटर लगाने में रुकावट डाली। 21 जुलाई को बिना अनुमति एसी हटाकर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस जांच में पता चला कि विरोध करने पर आरोपी ने पीड़ित के खिलाफ फरीदाबाद में प्राथमिकी दर्ज करा दी, जिससे राकेश इस समय जेल में है। आरोपी श्रीचंद ने कब्जे के समर्थन में कुछ जीपीए दस्तावेज पेश किए।
पुलिस उपायुक्त तिवारी ने बताया कि जीपीए /नोटरी दस्तावेजों की पुष्टि संबंधित नोटरी अधिकारी से की गई तो उन्होंने साफ तौर पर दस्तावेजों को नोटराइज या अटेस्ट करने से इनकार कर दिया और कहा कि कथित नोटरी एंडोर्समेंट/हस्ताक्षर असली नहीं थे। उन्होंने उस तारीख की अटेस्टेड कॉपी भी पेश की जिसमें ऐसी कोई एंट्री दर्ज नहीं थी। नोटरी अधिकारी का बयान भी दर्ज किया गया।
विवादित दस्तावेजों को अहम सबूत के तौर पर लिया गया और उनके तैयार होने, स्रोत और इस्तेमाल की जांच की जा रही है। शिकायतकर्ता ने श्रीचंद वोहरा की ओर से पेश किए गए प्रॉपर्टी के दस्तावेजों पर अपने हस्ताक्षर होने से इनकार किया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।