बिलासपुर के टंकी मार्ग पर रविवार रात एक शादी समारोह में बज रहे डीजे की तेज आवाज की धमक से दीवार गिर गई। हालांकि, हादसे में कोई घायल नहीं हुआ लेकिन बगल में खड़ी कार क्षतिग्रस्त हो गई।
कार मालिक का आरोप है कि न्यायालय के तेज आवाज में डीजे बजाने की पाबंदी के बावजूद भी लोग इसका पालन नहीं कर रहे हैं। इससे बीमार और हृदय के रोगियों को परेशानी होती है। बिलासपुर निवासी राजेश उपाध्याय के घर में शादी 17 फरवरी को शादी थी। कार मालिक का आरोप है कि डीजे ऑपरेटर ने समारोह के दौरान तेज आवाज में डीजे चला दिया।
इससे समारोह स्थल की दीवार धमक से गिर गई। पास में खड़ी कार के ऊपर गिरी दीवार से उसके शीशे टूट गए और वह क्षतिग्रस्त हो गई। कार मालिक का कहना है कि पुलिस व प्रशासन की निष्क्रियता के कारण डीजे निर्धारित ध्वनि से तेज बजाए जा रहे हैं। आजकल परीक्षाओं का दौर चल रहा है, इसलिए भी तेज आवाज पर अंकुश होना चाहिए।