दिल्ली के द्वारका नार्थ के भारत नगर में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। बेटी के प्रेम विवाह करने से नाराज प्रॉपर्टी डीलर ने पत्नी के साथ मिलकर बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। फिर अलवर ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया।
पत्नी से संपर्क नहीं होने पर पति ने द्वारका नार्थ थाने जाकर हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने जांच करके आरोपी माता-पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है जबकि वारदात में शामिल आरोपी मामा की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, भावना यादव (21) पिता जगमोहन यादव (45) व मां सावित्री यादव (40) व छोटे भाई के साथ भारत नगर में रहती थी। वह वेंक्टेश्वर कॉलेज में संस्कृत की तीसरे वर्ष की छात्रा थी।
प्रेम विवाह पर बेटी की हत्या करके शव जलाया
12 नवंबर को भावना ने अभिषेक सेठ के साथ उत्तम नगर के आर्य समाज मंदिर में प्रेम विवाह किया था। अभिषेक राष्ट्रपति भवन में असिस्टेंट प्रोग्रामर है। शादी के बाद भावना उत्तम नगर स्थित ससुराल आ गई।
यहां से भावना ने फोन करके परिजनों को शादी की जानकारी दी। भावना के घर वाले दूसरी बिरादरी में शादी को लेकर नाराज हो गए। अगले दिन माता-पिता उसके ससुराल पहुंचे उसे समझाकर साथ ले गए, लेकिन अगले ही दिन भावना फिर से ससुराल आ गई।
14 नवंबर को जगमोहन फिर बेटी के ससुराल पहुंचा और 16 नवंबर को उसकी विधिवत विदाई करने की बात कही। इस पर भावना मायके चली आई। इधर, भावना से संपर्क नहीं होने पर अभिषेक ने द्वारका नार्थ थाने में शिकायत की।
वारदात में शामिल मामा की तलाश
पुलिस ने एक टीम को जगमोहन के मूल निवास अलवर भेजा जहां पूछताछ के दौरान जगमोहन ने दिल्ली के घर में भावना की गला घोंटकर हत्या करने और यहां लाकर जलाने की बात मान ली। जगमोहन ने पत्नी और साले लाखन के साथ वारदात को अंजाम दिया।
फोन से मिली शव जलाने की जानकारी
अभिषेक ने बताया कि 16 नवंबर की सुबह 9 बजे गुड़गांव निवासी भावना के चचेरे भाई सचिन ने उसे फोन करके बताया कि जगमोहन गांव ले जाकर शव जला रहा है। अभिषेक भारत नगर पहुंचा तो घर में ताला लगा हुआ था। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत की।
गांव वालों के बयान से खुलासा
अलवर गई पुलिस टीम भावना के गांव पहुंची, लेकिन घर जाने से पहले आसपास रहने वालों से भावना के बारे में पूछताछ गई। पुलिस को पता चला कि जगमोहन 15 नवंबर की रात शव लाया था और जल्दबाजी में 16 नवंबर की सुबह 9 बजे तक जला भी दिया। इसके बाद पुलिस जगमोहन के पास पहुंची।
मामा ने दोनों को गोली मारने की दी थी धमकी
अभिषेक ने बताया कि 15 नवंबर की रात भावना के मामा व प्रॉपर्टी डीलर लाखन का फोन आया था। उसने भावना से दूर रहने नहीं तो दोनों को गोली मारने की धमकी भी दी थी। लाखन भी प्रॉपर्टी डीलर है।