-आयुष आधारित वेलनेस और स्ट्रेस मैनेजमेंट सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार चौधरी ब्रह्म प्रकाश आयुर्वेद चरक संस्थान (सीबीपीएसीएस) में होम्योपैथी व यूनानी ओपीडी क्लीनिक की शुरुआत करेगी। इसकी पहल आयुष निदेशालय ने की है। जिसका उद्देश्य आयुर्वेद, योग, होम्योपैथी और यूनानी सहित विभिन्न आयुष पद्धतियों के जरिए नागरिकों को समग्र व सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
ओपीडी सेवाओं के लिए डॉक्टरों और सहयोगी स्टाफ की तैनाती आयुष निदेशालय करेगा। साथ ही सेवाओं के संचालन से संबंधित खर्च भी निदेशालय ही वहन करेगा। जबकि सीबीपीएसीएस सेवाओं के सुचारू रूप से संचालन के लिए जरूरी स्थान और संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराएगा। प्रस्तावित ओपीडी सेवाओं से आयुष आधारित वैज्ञानिक व समग्र उपचार पद्धतियों के माध्यम से तनाव प्रबंधन और वेलनेस सेवाओं को मजबूती मिलेगी। केंद्रीय आयुर्वेदिक विज्ञान अनुसंधान परिषद, केंद्रीय यूनानी चिकित्सा अनुसंधान परिषद और केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद जैसे प्रमुख शोध संस्थानों को भी इस पहल से जोड़ा गया है।
यह संस्थान तनाव प्रबंधन व समग्र स्वास्थ्य के प्रति इन पद्धतियों की प्रभावशीलता के संबंध में शोध और साक्ष्य जुटाने में भी सहयोग करेंगे। मरीजों को एक ही मंच पर एकीकृत आयुष उपचार प्रणालियों तक पहुंच होगी। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार सभी नागरिकों को किफायती और समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सीबीपीएसीएस में होम्योपैथी और यूनानी ओपीडी सेवाओं की शुरुआत होने से दिल्ली में एकीकृत आयुष आधारित उपचार और तनाव प्रबंधन सुविधाओं का विस्तार होगा।