राजधानी में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इससे होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। एक जुलाई से लेकर 17 अगस्त तक इन मरीजों की संख्या लगातार कम हुई थी,लेकिन अब 10 दिनों में ही होम आइसोलेशन में 23 फीसदी मरीज बढ़ गए हैं।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, इस समय होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों की संख्या 6596 हो गई है,जो 18 अगस्त को 5,351 थी। इस हिसाब से देखे तो 10 दिन में ही 1245 मरीज बढ़ गए,जो कुल मरीजों का 23 फीसदी है। दिल्ली में 17 अगस्त के बाद से ही संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। दस दिन से प्रतिदिन औसतन 1500 मामले आ रहे हैं। अगस्त के पहले सप्ताह में यह आंकड़ा 1050 का था। इस संख्या के बढ़ने से होम आइसोलेशन के मरीज भी बढ़ रहे हैं।
इससे पहले डेढ़ महीने तक इन मरीजों की संख्या लगातार कम हुई थी। एक जुलाई को होम आइसोलेशन में 17 हजार मरीज थे,जो 18 अगस्त तक घटकर 5351 रह गए थे। यानी, करीब डेढ़ महीने में 12 हजार मरीज घर पर हो रहे इलाज से ही ठीक हो गए थे,लेकिन इसके बाद से तस्वीर बदलने लगी और 10 दिन में ही इन मरीजों की संख्या में 1245 का इजाफा हो गया।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इस समय संक्रमण के जो नए मरीज आ रहे हैं। उनमें अधिकतर हल्के लक्षण वाले हैं। ऐसे मरीजों का घर पर ही इलाज किया जाता है। इस कारण बीते कुछ दिनों से इन मरीजों की संख्या बढ़ी है।
होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों को दिल्ली सरकार की ओर से काफी सुविधाएं भी दी जा रही है। यहां डॉक्टर और अन्य स्वास्थ्यकर्मी फोन के जरिए मरीजों के संपर्क में रहते हैं। साथ ही मरीजों को ऑक्सीपल्स मीटर की सुविधा भी दी गई है। इसकी सहायता से रोगी उनके शरीर में ऑक्सीजन के स्तर का पता लगा लेते हैं। सरकार अब तक 30 हजार से ज्यादा ऑक्सीप्लस मीटर वितरित कर चुकी है।
ऐसे बढ़े मरीज
तारीख - मरीजों की संख्या
18 अगस्त 5351
19 5377
20 5707
21 5818
22 5791
23 5896
24 6143
25 5949
26 6208
27 6596
--
नोट-सभी आंकड़े 27 अगस्त तक के हैं और स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक हैं