दिल्ली पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए शुरू किया गया मोबाइल ऐप हिम्मत अब आईफोन रखने वाली महिलाएं भी प्रयोग कर सकती हैं। 1 जनवरी, 2015 को जब मोबाइल ऐप हिम्मत शुरू किया गया था उस समय केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ ने आईफोन पर भी इसको शुरू करने की इच्छा व्यक्त की थी।
दिल्ली पुलिस के डीसीपी एसके सिंह ने बताया कि आईफोन रखने वाली महिलाओं के लिए बृहस्पतिवार शाम चार बजे हिम्मत ऐप सेवा शुरू हो गई। एप्पल ने इसे शुरू किया है।
इस सिस्टम में महिलाएं एसओएस बटन को दबा देंगी तब भी पुलिस कंट्रोल रूम व इलाके के थानाध्यक्ष के पास मैसेज चला जाएगा। साथ ही 30 सेकंड की ऑडियो-वीडियो खुद ही चली जाएगी। कंट्रोल रूम से महिला तुरंत फोन मिलाएगी। अगर महिला फोन नहीं उठाती है तो पुलिस समझेगी की महिला के साथ अप्रिय घटना हो रही है।
हिम्मत ऐप का विंडोज वर्जन जल्द ही लॉन्च किया जाएगा। हिम्मत ऐप को एंड्रॉयड वर्जन से अब तक 35080 यूजर्स द्वारा डाउनलोड किया जा चुका है। 1 जनवरी से लेकर 19 मार्च तक 2000 से अधिक के अलर्ट मिल चुकेहैं।