वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने की अंतिम तिथि 15 सितंबर तक बढ़ा दी गई है। डीसीपी ट्रैफिक वीरेंद्र विज ने बताया कि सेंटरों पर भारी भीड़ देखते हुए वाहन चालकों के लिए 15 दिन की और राहत दी गई है। 15 सितंबर के बाद अभियान चलाकर बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट वाले वाहनों का चालान काटा जाएगा।
मालूम हो कि वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाया जाना अनिवार्य किया गया है। लोगों की सुविधा के अनुसार, पंजीकरण केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। बुधवार को डीसीपी ट्रैफिक और एडीसी जितेंद्र दहिया ने पंजीकरण प्लेट बनाने वाली कंपनी लिंक उत्सव प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक की।
डीसीपी ने बताया कि एक सितंबर को कंपनी के अधिकारियों के साथ फिर बैठक होगी। बैठक में आम लोग पहुंचकर अपने सुझाव दे सकते हैं। लिंक उत्सव कंपनी ने हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने के लिए आईटीआई रोड गांधी कॉलोनी, राष्ट्रीय राजमार्ग पर एनएचपीसी मेट्रो स्टेशन के पास, ट्रांसपोर्ट नगर सेक्टर-58, सेक्टर-8 मैन हुडा मार्केट में पंजीकरण केंद्र स्थापित किए हैं।
हालांकि कुछ लोगों का यह भी तर्क है कि राजनैतिक संरक्षण प्राप्त उक्त कंपनी पुलिस को बेजा इस्तेमाल कर रही है। सिक्योरिटी नंबर प्लेट की एवज में बहुत मोटी रकम वसूली जा रही है। कंपनी का मुनाफे का मकसद है न कि सुरक्षा उद्देश्य के साथ कार्य करने का।