देश के सभी शिक्षण संस्थान 31 जुलाई तक बंद रहेंगे। भारत सरकार के उच्च शिक्षा सचिव अमित खरे ने केंद्रीय गृहमंत्रालय के अनलॉक -2 आदेश के तहत सभी राज्यों, यूजीसी, एआईसीटीई, एनटीए समेत सभी अधीनस्थ विभागों को पत्र लिखा है।
इसके तहत इस अवधि में ऑनलाइन क्लास से पढ़ाई और शोधार्थी, शिक्षक, कर्मी घर से काम करेंगे। घर से काम (वर्क फॉर्म होम) करने वाले कांट्रेक्ट, एडहॉक शिक्षकों और अन्य कर्मियों को ऑन डयूटी ही माना जाएगा। यूजीसी ने इस आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है।
उच्च शिक्षा सचिव अमित खरे ने लिखा है कि शिक्षण संस्थानों के बंद रहने से स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय घर बैठे छात्रों को ऑनलाइन क्लासेज लेते रहेंगे। मंत्रालय ने २१ मार्च को इससे पहले जो पत्र लिखा था, अन्य गाइडलाइन वहीं रहेंगी।
शिक्षकों, छात्रों और कर्मियों को कोविड-19 महामारी के तहत जो भी गाइडलाइन हैं, उन्हें फॉलो करना अनिवार्य है। सभी छात्रों और शिक्षकों को आरोग्य सेतू ऐप डाउनलोड करना होगा। इसके अलावा सभी विभागों के शिक्षकों के मोबाइल नंबर और ईमेल स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड करने अनिवार्य हैं।