दिल्ली मेट्रो की हेरिटेज लाइन (दिल्ली गेट से कश्मीरी गेट) पर सफर करने के लिए अब नए साल 2017 तक का इंतजार करना पड़ेगा। पहले यह लाइन दिसंबर 2016 में खोली जानी थी लेकिन पहले प्रदूषण फिर नोटबंदी ने इस लाइन के खुलने का समय बढ़ा दिया है।
इसके चलते मजदूरों का पलायन हुआ, जिससे बचे हुए काम में देरी हुई है। यही वजह है कि अभी तक सुरक्षा जांच के लिए मेट्रो कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (सीएमआरएस) को रिपोर्ट भी नहीं भेजी गई है।
हेरिटेज लाइन मौजूदा ऑपरेशनल वॉयलेट लाइन (एस्कॉर्ट्स मुजेसर (फरीदाबाद) से आईटीओ) का विस्तार है। 5.7 किलोमीटर लंबी यह लाइन आईटीओ से कश्मीरी गेट तक बन रही है। यह ऐतिहासिक इमारतों वाली पुरानी दिल्ली के सभी इलाकों को मेट्रो से जोड़ेगी।
इसमें चार नए स्टेशन दिल्ली गेट, जामा मस्जिद, लाल किला और कश्मीरी गेट हैं। इस लाइन के चालू होने से कश्मीरी गेट पहला ऐसा इंटरचेंज स्टेशन होगा जो कि तीन लाइनों रेड, यलो और वॉयलेट लाइन को आपस में जोड़ेगा।
मेट्रो फेज तीन के इस लाइन पर ट्रायल अगस्त में शुरू हो गया था। तब दावा किया गया था कि यह नवंबर अंत तक खुल जाएगा। मगर बढ़ते प्रदूषण के चलते पहले एक सप्ताह तक मेट्रो में सभी तरह के निर्माण कार्य बंद हो गए।
उसके बाद काम शुरू होता उससे पहले नोटबंदी के चलते मजदूरों का पलायन शुरू हो गया। इससे स्टेशनों पर बचे हुए सिविल वर्क का काम की रफ्तार रुक गई। नतीजतन काम पूरा नहीं होने से अभी तक मेट्रो रेल सेफ्टी कमिश्नर को रिपोर्ट भी नहीं भेजी गई है। क्योंकि बगैर सेफ्टी कमिश्नर की हरी झंडी के लाइन को ऑपरेशन नहीं किया जा सकता है।
डीएमआरसी की मानें तो काम लगभग पूरा हो चुका है। अगस्त से ट्रायल चल रहा है। डीएमआरसी के मुताबिक सभी संबंधित विभागों से रिपोर्ट मांगी गई है, जिससे जल्द से जल्द मेट्रो सेफ्टी कमिश्नर को रिपोर्ट भेजकर सुरक्षा प्रमाणपत्र लिया जा सके।
राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर घटेगी भीड़
इस लाइन के चालू होने से राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर भीड़ कम होगी। अभी वॉयलेट लाइन के लोगों को अगर कश्मीरी गेट जाना होता है तो उसे केंद्रीय सचिवालय या मंडी हाउस से बदलकर राजीव चौक फिर वहां से बदलकर कश्मीरी गेट जाना पड़ता है। मगर हेरिटेज लाइन चालू होने से फरीदाबाद से आने वाला सीधे कश्मीरी गेट जा सकेगा।
इसी तरह वैशाली या नोएडा से आने वाले मेट्रो यात्री को कश्मीरी गेट जाने के लिए राजीव चौक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी वह मंडी हाउस उतर कर इस लाइन पर सफर करके कश्मीरी गेट जा पाएगा।