सोमवार को नजारत कांड, निठारी कांड और एनआरएचएम घोटाले की तारीख पड़ी थी। जानिए, क्या हुआ सुनवाई में...
नजारत कांड: डिफेंस की 3 अर्जियों पर अभियोजन ने दाखिल किया जवाब
चर्चित नजारत कांड मामले में सोमवार को डिफेंस की तीन अर्जियों पर अभियोजन ने अपना जवाब सीबीआई विशेष कोर्ट में दाखिल कर दिया। सीबीआई की ओर से विशेष लोक अभियोजक वीके शर्मा ने जवाब दाखिल की प्रक्रिया पूरी की।
बता दें कि डिफेंस ने एक अर्जी में मांग की थी कि गवाह अनोखे लाल की पत्नी अंगूरी देवी ने जो स्लिप दी थीं, सीबीआई ने उनमें से कुछ को ही कोर्ट में दाखिल किया है। जबकि सभी स्लिप को कोर्ट में पेश किया जाए। इसके जवाब में अभियोजन ने कहा है कि जो स्लिप आवश्यक थीं, वह कोर्ट में पेश कर दी गई हैं।
इसके अलावा दूसरी अर्जी में डिफेंस ने मांग की थी कि अनोखे लाल के वह बयान भी कोर्ट में पेश किए जाएं जोकि उसने जीके चतुर्वेदी की अध्यक्षता में बने कमीशन के सामने दिए थे। विशेष लोक अभियोजक वीके शर्मा ने अपने जवाब में कहा है कि जो स्टेटमेंट कोर्ट ने लिखे हैं वो दाखिल हैं।
अन्य बयान दिए जाने की आवश्यकता नहीं है। इसी प्रकार डिफेंस ने तीसरी अर्जी में केस के तत्कालीन जांच अधिकारी निर्भय कुमार को कोर्ट में बुलाने की मांग की थी। अभियोजन ने इस पर भी अपना विरोध दर्ज कराया है। इस मामले में विशेष न्यायाधीश डा. एके सिंह अब 16 जनवरी को सुनवाई करेंगे।
एनआरएचएम घोटाला: न प्रदीप शुक्ला आए, न बाबू सिंह कुशवाहा
चर्चित एनआरएचएम घोटाला प्रकरण में सोमवार को तारीख पर न तो पूर्व कैबिनेट मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा कोर्ट में पेश हुए और न ही आईएएस प्रदीप शुक्ला। आईएएस के अधिवक्ता ने उनकी हाजिरी माफी की अर्जी कोर्ट में दाखिल की। जबकि बाबू सिंह कुशवाहा बेड रेस्ट के चलते कोर्ट में पेश नहीं हो सके।
इससे पहले घोटाले के फंसे पूर्व विधायक आरपी जायसवाल समेत कई आरोपियों को डासना जेल से कोर्ट में पेश किया गया। हालांकि अधिवक्ताओं के कार्य से विरत रहने के चलते किसी भी मामले में सुनवाई नहीं हो सकी। दोनों ही मामलों की सुनवाई के लिए अब 23 जनवरी की तारीख नियत की गई है।
निठारी कांड: एक मामले में पेश हुए आरोपी
निठारी कांड के एक मामले की सुनवाई सोमवार को भी नहीं हो सकी। कचहरी में बार चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के चलते अधिवक्ताओं ने कार्य से विरत रहने की घोषणा कर दी थी। इसी के चलते मामले में सुनवाई के लिए अब 28 जनवरी की तारीख नियत की गई है। इससे पूर्व डासना जेल में बंद निठारी कांड के आरोपी मोनिंदर सिंह पंधेर और सुरेंद्र कोली को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया।