स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर पुर्ननिर्माण के बाद आधुनिक हो गया है। इसमें एथलीट के इलाज के लिए हर तरह की आधुनिक सुविधा मौजूद हैं। इस सुविधाओं का उद्घाटन करते हुए डॉ. मंडाविया ने कहा कि स्वास्थ्य दृष्टिकोण समय की मांग है।
खिलाड़ियों के लिए सफदरजंग अस्पताल में तैयार हुए नए स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर में आईसीयू की सुविधा मिलेगी। सेंटर में पहली बार 12 आईसीयू बिस्तर को जोड़ा गया है। नए सेंटर के बनने के बाद बेड की संख्या 35 से बढ़कर 150 हो गई। साथ ही ऑपरेशन थियेटर की संख्या तीन से बढ़कर सात हो जाएगी। बिस्तर और ऑपरेशन थियेटर के बढ़ने से यहां इलाज करवाने आ रहे मरीजों का इंतजार घटेगा।
विज्ञापन
सोमवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया लेडी हार्डिंग से केंद्र सरकार के अस्पतालों में नई स्वास्थ्य सुविधाओं का उद्घाटन किया। इसमें लेडी हार्डिंग कृपलानी अस्पताल में दुर्घटना एवं आपातकालीन ब्लॉक, अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल रिसर्च (एबीवीआईएमएस) और डॉ. आरएमएल अस्पताल में नए हॉस्टल ब्लॉक, सफदरजंग अस्पताल में स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर और राजकुमारी अमृत कौर कॉलेज ऑफ नर्सिंग में अकादमिक ब्लॉक और न्यू हॉस्टल ब्लॉक शामिल हैं।
स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर पुर्ननिर्माण के बाद आधुनिक हो गया है। इसमें एथलीट के इलाज के लिए हर तरह की आधुनिक सुविधा मौजूद हैं। इस सुविधाओं का उद्घाटन करते हुए डॉ. मंडाविया ने कहा कि स्वास्थ्य दृष्टिकोण समय की मांग है।
सभी को स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
वर्तमान और भविष्य के डॉक्टरों का दृष्टिकोण बीमारियों और रोग को दूर रखने पर केंद्रित होना चाहिए। सरकार हर गरीब तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का स्वास्थ्य का क्षेत्र तेजी से बदल रहा है। हमारा लक्ष्य निवारक स्वास्थ्य देखभाल और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के बीच तालमेल बनाकर बेहतर सुविधाएं देना है। आज देश के कोने-कोने तक गरीबों को बेहतर सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच रही है। इसमें आयुष्मान भारत एक अहम भूमिका निभा रहा है। सरकार ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के साथ डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने की दिशा में काम किया। इस मौके पर स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशक डॉ. अतुल गोयल, लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. सुभाष गिरी, ऑनलाइन माध्यम से आरएमएल के एमएस डॉ. अजय शुक्ला सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
नौ साल में दोगुने हुए मेडिकल कॉलेज
पिछले नौ साल में मेडिकल कॉलेजों की संख्या दोगुनी से अधिक हो गई है। बीते दस साल से भी कम समय में एमबीबीएस, पीजी और नर्सिंग की सीटें काफी बढ़ गई हैं। देश में स्वास्थ्य सुविधा को बेहतर बनाने के लिए चार स्तरीय स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली है जो जमीनी स्तर से प्राथमिक, माध्यमिक से तृतीयक स्तर पर काम कर रही है। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आयुष्मान आरोग्य मंदिर जैसे संस्थान स्थापित किए गए हैं। इनकी मदद से हर व्यक्ति तक आसानी से सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंची है।
आरएमएल : 824 कमरे का हॉस्टल
आरएमएल अस्पताल में डॉक्टरों के लिए 824 कमरे का हॉस्टल का उद्घाटन किया गया। इसमें गंगा, यमुना और सरस्वती छात्रावास खंड हैं। वहीं, राजकुमारी अमृत कौर नर्सिंग महाविद्यालय में नया शैक्षणिक खंड और छात्रावास की सुविधा दी गई। इसकी मदद से नर्सिंग सीटों में और नर्सिंग कोर्सेज में बढ़ोतरी हो सकेगी।
लेडी हार्डिंग में 864 बेड की सुविधा
लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज एवं सहयोगी अस्पताल में नया दुर्घटना एवं आपातकालीन विभाग 864 बिस्तर का शुरू हुआ है। यह अस्पताल के प्रथम चरण के विस्तृत पुनर्विकास योजना का हिस्सा है। यहां पर 24 घंटे सातों दिन आपातकालीन सुविधाएं मिल सकेेंगी। साथ ही रेडियोलोजी विभाग में 24 घंटे सातों दिन अल्ट्रासाउंड, एक्स रे, सी टी स्कैन और एमआरआई की सुविधा मिलेगी।