हाथरस में तैनात हेड कांस्टेबल ने बुलंदशहर के खुर्जा जंक्शन क्षेत्र के गांव क्वारसी स्थित अपने घर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार देर रात हुई इस घटना को पुलिस आत्महत्या मानकर जांच कर रही है।
गांव क्वारसी निवासी धर्मेंद्र मोहन हाथरस के किला में तैनात थे। वह मंगलवार को छुट्टी पर घर आए थे। देर रात करीब 1.30 बजे उन्होंने खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही परिजन जब कमरे में पहुंचे तो खून से लथपथ धर्मेंद्र को देख सभी के होश उड़ गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर मिले तमंचे को कब्जे में ले लिया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल कर साक्ष्य एकत्रित किए। घटना को लेकर गांव के कुछ लोगों का कहना है कि पारिवारिक तनाव के चलते धर्मेंद्र परेशान था, इसलिए उसने यह कदम उठाया।
हालांकि अभी तक आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। परिजन कुछ भी बताने से इनकार कर रहे हैं। घर में मृतक की पत्नी और दो बेटे हैं। सीओ गोपाल सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही जांच आगे बढ़ेगी।