सोमवार दोपहर सीबीआई अकादमी के पास तीन सांड भिड़ गए। इससे हापुड़ रोड पर जाम लग गया। इस दौरान गिरने से दो वाहन चालकों को चोटें भी आईं और एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
बीच सड़क सांडा को भिड़ता देख सड़क के दोनों तरफ वाहन चालक रुक गए। लोगों ने मशक्कत कर सांड़ों को हटाया। आधे घंटे बाद यातायात सामान्य हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहर एक बजे सीबीआई अकादमी के पास तीन सांड़ भिड़ गए। इस दौरान वहां से गुजर रहे बाइक सवार दो युवकों को भी एक सांड़ ने टक्कर मार दी, जिससे युवकों को चोट आई।
लोगों ने किसी तरह सांड़ों को वहां से भगाया। लोगों का कहना है कि आए दिन आवारा पशुओं की वजह से सड़कों पर हादसे होते रहते हैं, कई बार इन आवारा पशुओं की वजह से लोगों को अपनी जान से भी हाथ धोना पड़ा है।
ट्रक खराब, हाईवे जाम
एनएच-24 पर सोमवार दोपहर 12 बजे लालकुआं के पास रेलवे ब्रिज के ऊपर ट्रक खराब होने से जाम लग गया। वाहन चालकों को परेशानी हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन से खराब ट्रक को सड़क से हटवाया गया।
करीब एक घंटे बाद यातायात सामान्य हुआ। एसपी ट्रैफिक अमर सिंह ने बताया कि लालकुआं की ओर जा रहा ट्रक रेलवे ब्रिज के पास खराब हो गया था। पुलिसकर्मी कर्मियों ने जाम खुलवाया।
बच्चों को स्कूल ड्रॉप कर आ रही वैन पलटी, लगा जाम
सोमवार सुबह रामलीला ग्राउंड के पास स्कूल से बच्चाें को छोड़कर आ रही एक वैन पलट गई। हादसे में वाहन चालक जख्मी हुआ। इस दौरान जाम लग गया। हादसा वैन का स्टेयरिंग फेल होने के कारण हुआ।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी मिल गई।