फरीदाबाद के हुडा के तोड़फोड़ दस्ते की लापरवाही से सेक्टर-16 स्थित अशोका रेस्टारेंट पर कार्यरत दो युवक गर्म पानी से बुरी तरह झुलस गए। अधिकारियों की लापरवाही का आलम यह था कि उन्होंने युवकों को अस्पताल पहुंचाने की बजाए अपनी कार्रवाई जारी रखी।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पूर्व विधायक आनंद कौशिक के भाई कांग्रेस नेता बलजीत कौशिक और पार्षद अनिल शर्मा पहुंचे। झुलसे युवकों को अस्पताल भेजने के बाद उन्होंने अधिकारियों की इस कार्रवाई की निंदा की। उन्होंने कहा कि जब दुकानदार अपना सामान हटाने के लिए आधे घंटे का समय मांग रहा था तो उन्होंने आनन-फानन में इस प्रकार का निर्णय क्यों लिया।
बुधवार दोपहर हुडा का तोड़फोड़ दस्ता एसडीओ व जेई के नेतृत्व में सेक्टर-16 मार्केट में दुकानदारों द्वारा बरामदे में किए गए कब्जों को हटा रहा था। इसी बीच कर्मचारी अशोका रेस्टोरेंट के समीप बनी दीवार को तोड़ने पहुंचे। रेस्टोरेंट मालिक अशोक जिंदल ने बताया कि जब उन्हें पता चला कि तोड़फोड़ वाले आए हैं तो उन्होंने ज्यादातर सामान हटा लिया, कुछ सामान जो रह गया था उसे हटाने के लिए उन्होंने अधिकारियों से सिर्फ आधे घंटे का समय मांगा, परंतु उन्होंने उनकी नहीं मांगी और जेसीबी अंदर घुसा दी।
आरोप है कि इस दौरान हुडा और उनके कर्मचारियों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। रेस्टोरेंट में काम करने वाले एटा निवासी सोनू व ऋषिराज के ऊपर गर्म पानी गिर गया। जिससे दोनों झुलस गए। ऋषिराज को पास स्थित डॉक्टर से प्राथमिक उपचार दिलवा दिया गया जबकि सोनू को बादशाह खान अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
इस कार्रवाई के बहाने कांग्रेस नेताओं को भाजपा पर निशाना साधने का मौका मिल गया। कौशिक और रेस्टोरेंट मालिक ने कहा कि इस नुकसान की भरपाई हुडा करे अन्यथा कांग्र्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे। इस बारे में हुडा प्रशासक पीसी मीना को फोन कर उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई लेकिन उनकी टिप्पणी नहीं मिल सकी।