- पुलिस ने आरोपों को नकारा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। हरियाणवी गायक विक्की ठाकुर ने इंडिया गेट पर दिल्ली पुलिस के जवानों पर उनके और परिवार के साथ धक्का-मुक्की व बदसलूकी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने एक ऑडियो जारी कर दावा किया कि 2 जुलाई की रात करीब 9:20 बजे परिवार के साथ इंडिया गेट पर मौजूद रहने के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों ने उनके साथ हाथापाई की।
परिवार का आरोप है कि संबंधित पुलिसकर्मी नशे की हालत में थे। घटना के दौरान उनकी मां को चोट लगी और एक मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। परिवार का कहना है कि उन्होंने 112 पर तीन-चार बार कॉल की और कर्तव्य पथ थाने में शिकायत भी दर्ज कराई। उधर, नई दिल्ली जिला पुलिस ने सभी आरोपों को खारिज किया है। पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे पार्क बंद होने के समय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी लोगों से पार्क खाली करने का अनुरोध कर रहे थे। इसी दौरान पार्क में मौजूद दो पुरुष और दो महिलाओं ने पुलिसकर्मियों से बहस और अभद्र व्यवहार किया। पुलिस का कहना है कि शिकायतकर्ताओं ने ही पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए पीसीआर कॉल की थी।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता रीता सिंह का राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया, जहां डॉक्टर के रिकॉर्ड में किसी बाहरी चोट का उल्लेख नहीं मिला। इसके बाद कॉल का निस्तारण कर दिया गया। हालांकि, विक्की ठाकुर के परिवार की ओर से डीसीपी कार्यालय में दी गई शिकायत की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।