हरियाणा इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो के दूसरे दिन वीकेंड होने के बावजूद देश-विदेश से आए व्यापारियों के स्टॉल खाली दिखे। दो दिन में करीब 4 से साढ़े चार हजार के करीब लोग एक्सपो में पहुंचे।
हालत ये थी कि लाखों रुपये खर्च कर हुडा कंवेंशन सेंटर पहुंचे कई व्यापारी तो बोनी तक न होने का रोना रोते दिखे। अमर उजाला संवाददाता सिद्धार्थ शाह ने कुछ व्यापारियों से बातचीत की पेश है एक रिपोर्ट
मेले का नहीं हुआ प्रमोशन
हेंडीक्राफ्ट एसोसिएशन ऑफ पाकिस्तान के अध्यक्ष खुर्शीद बरलास ने बताया कि पहली बार फरीदाबाद आए हैं। पाकिस्तान से आए व्यापारियों की आमदनी के लिहाज से मेला कुछ खास नजर नहीं आ रहा है। इसकी एक वजह इस ट्रेड एक्सपो का सही तरीके से प्रमोशन न होना भी है, जिससे शुरुआत में नुकसान झेलना पड़ा है।
लाख रुपये खर्च, हाथ खाली
लाहौर से आए लीजा फूड स्टॉल के संचालक फैजल अजीम ने बताया कि पहले दिन हाथ खाली रहे। भारतीयों की मोहब्बत पाकिस्तान से यहां तक खींच लाई। यहां आने और स्टॉल लगाने में तकरीबन एक लाख रुपये खर्च आया है, लेकिन शनिवार दोपहर तक कुछ खास काम नहीं हुआ। लाहौर के लीजा फूड के दीवाने चंडीगढ़, जालंधर, दिल्ली समेत कई शहरों में हैं, लेकिन यहां पर अब तक कोई रेस्पांस नहीं मिला है।
बदल दिया स्थान, सिर्फ नुकसान मिला
नागौर के राजस्थानी फूड स्टॉल संचालक तेजा ने बताया कि तकरीबन 1.30 लाख रुपये का खर्चा यहां आकर स्टॉल लगाने में आया है, लेकिन उम्मीद के मुताबिक लोग यहां नहीं आ रहे हैं। पहले बताया गया था कि दशहरा मैदान में यह एक्सपो आयोजित होगा, लेकिन यहां आकर पता चला स्थान बदल गया है। प्रचार नहीं होने का खामियाजा भुगतान पड़ रहा है।