सूचना मिलते ही संचालकों में मची अफरातफरी
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की टीम यूपी बॉर्डर के रास्ते यमुना पार ग्रेटर नोएडा पहुंची। टीम के फार्म हाउस इलाके में पहुंचते ही कर्मचारियों और संचालकों में अफरातफरी मच गई।
हर कोई उधर-उधर छुपने की कोशिश में लगा हुआ था। टीम ने बिजली चोरी का केस बनाकर कनेक्शन डिस्कनेक्ट कर दिए।
दोषी पर होगी सख्त कार्रवाई
मंडल कार्यालय हिसार-बिजली निगम के एनर्जी ऑडिट टीम के अधीक्षण अभियंता एमएल रोहिल्ला ने बताया कि सूचना के आधार पर हमारी टीम ने यमुना पार ग्रेटर नोएडा में चलाए जा रहे फार्म हाउसों में छापा मारा। इस दौरान बड़ी बिजली चोरी का भंडाफोड़ हुआ।
यहां 11 हजार की लाइन से 24 ट्रांसफार्मरों को बिजली सप्लाई की जा रही थी। बिजली चोरी का ये खेल कई सालों से चल रहा है। इसके लिए फरीदाबाद और गुरुग्राम सर्कल के अधिकारियों की एक कमेटी गठित कर दी गई है।
तीन अधिकारियों की टीम एक सप्ताह में अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपेगी। दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।