दिल्ली सरकार के कड़े रूख के बाद हरियाणा ने यमुना नदी में पूरा पानी छोडना आरंभ कर दिया है। हालांकि दिल्ली में अभी पूरा पानी पहुंचा नहीं है। यह पानी बृहस्पतिवार की सुबह दिल्ली पहुंचने की संभावना है। इसके बाद ही जल बोर्ड के कई दिन से प्रभावित जल शोधक संयंत्र पूरी क्षमता से चलने लगेंगे।
दिल्ली जल बोर्ड के अनुसार शुक्रवार को पूरी दिल्ली में पेयजल आपूर्ति सामान्य हो जाएगा। क्योंकि बृहस्पतिवार का उसके चंद्रावल, वजीराबाद और ओखला जल शोधक संयंत्र में पानी का उत्पादन शत प्रतिशत होना आरंभ होगा। यह पानी शुक्रवार से ही विभिन्न इलाकों में पेयजल आपूर्ति करने वाले जलाशयों तक पहुंचेगा। इसके बाद लोगों के घरों में पूरा पानी आने लगेगा। हरियाणा से गत सप्ताह के अंत में यमुना नदी में पूरा पानी आना बंद हो गया था।
हरियाणा ने पानी की मांग बढने पर दिल्ली के पानी में कटौती कर दी है। हरियाणा के इस कदम का दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कड़ा विरोध किया था। उन्होंने दिल्ली के मुख्य सचिव को हरियाणा से बात करने के निर्देश दिए थे। इसके अलावा उन्होंने पानी कटौती किए जाने के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप करने की मांग की थी।
उधर दिल्ली के कड़े रूख को हरियाणा सरकार तत्काल भांप लिया और उसने पानी की कटौती करनी बंद कर दी। हरियाणा ने देर दिल्ली सरकार को पूरा पानी छोडने के संबंध में जानकारी दी। इस मामले का मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को देर रात पूरी दिल्ली के साथ साझा किया था।