राज्य चौकसी ब्यूरो की टीम ने सोहना थाने में तैनात एएसआई को बुधवार की शाम को डंपर चलवाने के नाम पर चालीस हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ने मेवात के रहने वाले शिकायतकर्ता के बयान पर भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
राज्य चौकसी ब्यूरो को मेवात के रहने वाले रुकमुद्दीन ने शिकायत की कि सोहना थाने में तैनात एएसआई राम किशन उससे डंपर चलवाने के नाम पर चालीस हजार हजार रुपये की घूस मांग रहा है।
इसके बाद तहसीलदार सोहना बिजेंद्र राणा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम में विजिलेंस के डीएसपी राव निहाल सिंह, देवेंद्र व अन्य लोग मौजूद रहे।
विजिलेंस ने योजना के अनुसार एएसआई को बुलवाकर नोट उपलब्ध कराया। इसके बाद टीम के लोगों ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया है। विजिलेंस के एसपी योगेंद्र नेहरा ने बताया कि आरोपी को घूस लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।